
जांच करते अधिकारी, Pc-Patrika
Fire Extinguisher In Varanasi's Coaching centers: लखनऊ के कोचिंग सेंटर में लगी आग के बाद 15 बच्चों की मौत हुई, जिसके बाद अब वाराणसी का जिला प्रशासन जाग गया है। सोमवार की देर रात अग्निशमन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी सड़कों पर उतरे और कई कोचिंग सेंटरों में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान कई कोचिंग सेंटर में कमियां देखने को मिली, जिसके बाद अग्निशमन विभाग ने संबंधित कोचिंग सेंटर्स को नोटिस जारी करने की बात कही है।
सोमवार की देर रात अपनी टीम के साथ वाराणसी के मुख्य अग्निशमन अधिकारी आनंद सिंह राजपूत सड़कों पर उतरे और शहर और ग्रामीण क्षेत्र में चल रहे कोचिंग सेंटर पर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान कबीरनगर इलाके के पांच कोचिंग सेंटर्स में कमियां देखने को मिली। दुर्गाकुंड क्षेत्र में कई कोचिंग सेंटर ऐसे मिले जहां अग्निशमन यंत्र मौजूद था, लेकिन उसे चलाने के लिए किसी को ट्रेनिंग नहीं दी गई थी। वहीं कुछ कोचिंग सेंटर में अग्निशमन यंत्र चलने वाले कर्मचारी गैर मौजूद मिले। इसके बाद विभाग उनके खिलाफ नोटिस की कार्रवाई में जुटा है।
दुर्गाकुंड इलाके में 9 कोचिंग सेंटर की तलाशी ली गई, जिसमें पांच में खामियां देखने को मिली। वही एक कोचिंग सेंटर ऐसा भी मिला जिसमें स्मोक डिटेकटर तो लगा था लेकिन वह क्रियाशील नहीं था, जिसके बाद संबंधित कोचिंग सेंटर के संचालक से अधिकारियों ने जवाब तलब किया है। वहीं, पिंडरा फायर स्टेशन के अधिकारियों ने भी बाबतपुर इलाके में कई कोचिंग सेंटर में जांच अभियान चलाया। इस दौरान 7 कोचिंग सेंटर में अधिकारियों को आग बुझाने को लेकर पुख्ता इंतजाम नहीं मिले। अधिकारियों ने इन कोचिंग सेंटर की लिस्ट बनाई है और नोटिस भेजने की बात कही है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी आनंद सिंह राजपूत ने बताया कि शहर और ग्रामीण के कई इलाकों में जांच अभियान चलाया गया है। उन्होंने बताया कि ऐसे दर्जनों कोचिंग सेंटर मिले हैं, जहां पर कमियां पाई गई हैं। कुछ कोचिंग सेंटर में अग्निशमन यंत्र मिले लेकिन उनको चलने वाले कर्मचारी कोचिंग सेंटर पर मौजूद नहीं थे। कोचिंग सेंटरों ने दलील दी कि अधिकतर कर्मचारी छुट्टी पर हैं। उन्होंने बताया कि सभी कोचिंग सेंटरों की लिस्ट बनाई जा रही है। जल्द ही उनके खिलाफ नोटिस जारी किया जाएगा और संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कोचिंग सेंटरों के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
23 Jun 2026 08:09 am
बड़ी खबरें
View Allवाराणसी
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
