
अजमेर. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो अजमेर चौकी ने मंगलवार दोपहर राजस्थान कॉपरेटिव डेयरी फेडरेशन(आरसीडीएफ) के कैटल फीड प्लांट के मैनेजर राजेन्द्रसिंह राठौड़ को 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। राठौड़ ने कैटल प्लांट में अनुबंध पर काम करने वाले श्रमिक फर्म के ठेकेदार से मांगी थी रिश्वत। एसीबी ने राठौड़ को उनके दफ्तर में रंगे हाथ पकड़ा। उनके चन्द्रवरदाई नगर स्थित बंगले पर भी चल रही है कार्रवाई।
पुलिस अधीक्षक (एसीबी) कैलाशचन्द विश्नोई ने बताया कि ब्यावर रोड स्थित आरसीडीएफ के कैटल फीड प्लांट मैनेजर चन्द्रवरदाई नगर सी ब्लॉक निवासी राजेन्द्रसिंह राठौड़ को एसीबी अजमेर चौकी के उपअधीक्षक महिपाल चौधरी, निरीक्षक मोहम्मद इस्माइल खान ने चालीस हजार रुपए की रिश्वत के साथ गिरफ्तार किया। एसीबी को प्लांट में ठेके पर काम करने वाले श्रमिक के ठेकेदार हिडन आई सिक्योरिटी के मालिक अजमेर प्रताप नगर निवासी भंवर राजवीरसिंह ने 2 जनवरी को की शिकायत दी थी।
एसीबी अजमेर चौकी ने 3 जनवरी को राठौड़ से फोन पर हुई बातचीत में शिकायत का सत्यापन कर मंगलवार दोपहर कार्रवाई को अंजाम दिया। भुगतान के एवज में मांगी रिश्वत मैनेजर राजेन्द्रसिंह राठौड़ ने श्रमिकों के बिल के भुगतान की एवज में ठेकेदार राजवीर सिंह से रिश्वत की रकम मांगी थी। राठौड़ ठेकेदार राजवीर सिंह से बतौर मंथली 20 हजार रुपए की डिमांड थी। बुधवार को मैनेजर राजेन्द्रसिंह राठौड़ को दो माह की मंथली 40 हजार रुपए लेते रंगे हाथ पकड़ा।