
प्राइवेट बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन ने अपनी मांगों के समर्थन में एक दिवसीय हड़ताल की, जिसके कारण हजारों यात्रियों को यात्रा में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हड़ताल के चलते अलवर जिले के विभिन्न मार्गों पर बस सेवाएं बंद रहीं, हालांकि कुछ गिनी चुनी बसें ही चल सकी।
हड़ताल के चलते आम जनता को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ा। प्राइवेट बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन ने सरकार से टैक्स माफी सहित कई अन्य मांगों को लेकर यह हड़ताल की है। ऑपरेटर्स का कहना है कि राजस्थान में सभी जगह बारिश हो रही है, सड़कें टूट गई हैं। पर्याप्त यात्री भार भी नहीं मिल रहा है।
इसलिए दो महीने का टैक्स माफ करना चाहिए। यात्रियों ने कहा कि इस हड़ताल से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे अचानक की गई हड़तालों से आम जनता को सबसे अधिक मुश्किलें उठानी पड़ती हैं, खासकर उन लोगों को जिन्हें रोजमर्रा के काम या अस्पताल जैसी जरूरी जगहों पर जाना होता है। जिले से जयपुर, बहरोड़, कोटपूतली, भिवाड़ी व करौली सहित थानागाजी, भिवाड़ी, किशनगढ़ बास, खैरथल आदि मार्ग पर बस संचालन प्रभावित रहा।