अलवर रामगढ़ उपचुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी सुखवंत सिंह ने गुरुवार को नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है। उनके समर्थन में गुरुवार को रामगढ़ में मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की जनसभा आयोजित हुई, जिसमें पूर्व उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी जनता को संबोधित किया।
नामांकन के बाद जनसभा में बोलते हुए सुखवंत सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव लड़ने की अपील की। उन्होंने कहा, हम सबको मिलकर यह चुनाव लड़ना है और आप सभी गारंटी दिलाएं कि हमें विजय मिलेगी।
सभा को संबोधित करते हुए राजेन्द्र राठौड़ ने कहा कि यह उपचुनाव रामगढ़ की तस्वीर और तकदीर बदलने का एक महत्वपूर्ण मौका है। यह चुनाव न सरकार बनाने का है, न सरकार गिराने का, बल्कि एक मजबूत कड़ी से कड़ी जोड़ने का समय है।
उन्होंने क्षेत्र में पीने के पानी की समस्या का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की तारीफ की और कहा, सीएम ने ईआरसीपी (पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना) योजना की नींव रखकर बेहतरीन काम किया है। सरकार ने 10 महीनों में 10,000 करोड़ रुपये से अधिक खर्च कर जनता को राहत दी है और बड़े पैमाने पर निवेश आ रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों की सराहना
राठौड़ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों का जिक्र करते हुए कहा, देश आज विश्व गुरु बन रहा है और इस सफर में भजन लाल का नेतृत्व भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। पेपर माफिया अब जेल की सलाखों के पीछे हैं जो कभी कल्पना भी नहीं कर सकते थे।
सुखवंत पर भरोसा जताया
भाजपा प्रत्याशी सुखवंत की तारीफ करते हुए राठौड़ ने कहा, लोग कहते हैं कि सुखवंत भोले हैं, लेकिन भगवान शंकर भी भोले थे। जब सुखवंत की तीसरी आंख खुलेगी, तो विकास की धारा बहेगी। किसी को धर्मांतरण के लिए मजबूर नहीं किया जाएगा और यहां लोग निर्भय होकर भगवान राम के भजन गाएंगे।
जय आहूजा का भावुक अपील
सभा के दौरान जय आहूजा ने भावुक अपील करते हुए कहा, सुखवंत मेरे बड़े भाई जैसे हैं, इसलिए मैं झोली फैलाकर वोट मांगता हूं। यह जीत अब तक की सबसे बड़ी जीत होनी चाहिए। हम मिलकर गोकशी जैसी समस्याओं को खत्म करेंगे और टटलूबाजों से छुटकारा पाएंगे।
प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने अपने संबोधन में समाज को अराजक तत्वों से सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा, आज देश में ऐसी ताकतें सक्रिय हो रही हैं, जो पटरी पर गैस सिलेंडर रखकर निर्दोष लोगों की जान लेने की कोशिश करती हैं। हमें मिलकर इन ताकतों से देश की रक्षा करनी होगी।
केन्द्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की सराहना करते हुए कहा, सीएम ने सबसे पहले ईआरसीपी (पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना) पर काम शुरू किया। जब मैंने रामगढ़ को इस योजना में शामिल करने का अनुरोध किया, तो सीएम ने तुरंत इसे मान लिया और रामगढ़ के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है।
यह भी पढ़ें:
रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस से आर्यन खान ने किया नामांकन दाखिल