
बांसवाड़ा. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (Anti Corruption Bureau) की बांसवाड़ा चौकी ने शुक्रवार को पांच हजार की रिश्वत लेने के आरोप में पटवार मण्डल (Patwar Mandal) दानपुर के चेनमैन (सहयोगी) को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी चेनमैन राकेश ने रिश्वत राशि दानपुर एवं हरनाथपुरा पटवार मण्डल के पटवारी नारायण भोई को देने के लिए ली थी। जानकारी के अनुसार परिवादी अपने गांव में मकान बनवा रहा है।
पटवारी नारायण भोई की ओर से निर्माणाधीन काम आबादी में नहीं होना बताकर रुकवाया गया और मौका पर्चा नहीं बनाने की एवज में 10 हजार रुपए रिश्वत की मांग की। बाद में मामला 5 हजार रुपए में तय हुआ। शुक्रवार को चेनमैन राकेश को पटवारी नारायण के लिए रिश्वत राशि लेने के दौरान रंगे हाथों पकड़ा गया। खबर मिलते ही पटवारी मौके से फरार हो गया। कार्रवाई के दौरान बांसवाड़ा (Banswara News) एसीबी के हेरम्ब जोशी पुलिस उपअधीक्षक, राजकुमार राणावत, गणेश लबाना, रतनसिंह, गणेश प्रसाद और जितेंदसिंह झाला मौजूद रहे।