
बदायूं। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पनवाड़ी में शुक्रवार रात को अचानक माहौल गर्मा गया। यहां शराब की दुकान पर दो शराबियों के झगड़े के बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों की ओर से जमकर पथराव हुआ। फायरिंग भी हुई। सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस फोर्स के साथ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और हालात पर काबू पाया। वहीं पुलिस ने दोनों शराबियों को हिरासत में लिया है।
दो शराबियों में हुआ था झगड़ा
जानकारी के मुताबिक पनवाड़ी मोहल्ले में दो शराबी किसी बात को लेकर भिड़ गए। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों शराबियों ने अपने-अपने समुदाय के लोग बुला लिए। दोनों पक्षों के लोग पथराव करने लगे। दो राउंड फायरिंग भी हुई। जिसे देख लोग दहशत में आए गए और दुकानें बंद कर घरों में कैद हो गए। देखते ही देखते पनवाड़ी और आसपास को पूरा इलाका छावनी में तब्दील हो गया। मौके पर पहुंचे एसपी सिटी कमल किशोर और एसओ सिविल लाइन देवेश सिंह व कोतवाल अजय कुमार यादव ने तुरंत ही स्थिति का काबू पाने के लिए इलाके में मार्च किया। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने को कहा।
एसएसपी, डीएम पहुंचे मौके पर
वहीं एसएसपी चंद्रप्रकाश व डीएम दिनेश सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने लोगों को शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। डीएम ने बताया कि दो शराबियों के बीच झगड़ा हो गया था। दोनों को पकड़ लिया गया है। आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।