
छिंदवाड़ा. बहन और भाई के स्नेह का पर्व रक्षाबंधन सोमवार को जिले में बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर बहनों ने भाइयों की कलाई पर प्रेम भरा धागा बांध कर पर्व के पवित्र रस्म को निभाया। वहीं भाइयों ने अपनी बहनों को ढेरों उपहार दिए। रक्षाबंधन का पर्व भाई-बहन के संबंधों की पवित्रता का प्रतीक माना जाता है। इस त्यौहार के मौके पर बहन अपने भाई की आरती उतार कर राखी बांधती हैं। इसी राखी के महत्व को समझते हुए भाई भी बहन की रक्षा का शपथ लेता है। साथ ही बहन को उपहार भी देता है। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी रक्षाबंधन पर्व के मौके पर पूरे दिन राखी बांधने और उपहार भेंट करने का सिलसिला जारी रहा।