
दौसा. जिला परिषद सीईओ और उप जिला कलक्टर दौसा से मिले आश्वासन के बाद कोई कार्रवाई नहीं होने से गुस्साए विद्यार्थियों के सब्र का बांध मंगलवार को फिर से फूट पड़ा। विद्यार्थियों ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बडोली के मुख्य दरवाजे पर ताला जड़ दिया, लेकिन कुछ शिक्षकों ने विद्यार्थियों को राजकार्य में बाधा का केस लगाने और सत्रांक में कम नम्बर देने की धमकी देकर ताला खुलवा दिया। इसके बाद विद्यार्थियों ने कक्षा का बहिष्कार कर दिया। मुख्य गेट पर बैठकर शिक्षा विभाग और प्रशासन के खिलाफ नारे लगाकर प्रदर्शन किया।
विद्यालय में शिक्षकों द्वारा पढ़ाई न करवाकर मोबाइल में मशगूल रहने सहित अन्य आरोपों को लेकर 6 फरवरी को विद्यार्थियों ने स्कूल के ताला जड़ कर प्रदर्शन किया था। मौके पर पहुंचे उप जिला कलक्टर दौसा और जिला परिषद सीईओ ने विद्यार्थियों की मांग तीन दिन में पूरा कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने से विद्यार्थियों का आक्रोश फूट पडा। विद्याथीZ दो शिक्षकों को हटाने, कक्षा में मोबाइल का उपयोग नहीं करने के लिए पाबंद करने, अधूरे कोर्स को जल्द पूरा करवाने, साफ-सफाई, क्षतिग्रस्त कमरों व शौचालयों की मरम्मत करवाने, खेलकूद गतिविधियां आयोजित करवाने सहित अन्य मांग कर रहे हैं।