
अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर व्यापार समझौते को लेकर भारत पर निशाना साधा है। ट्रंप ने भारत और ब्राजील की व्यापार नीति की आलोचना की। ट्रंप ने कहा कि भारत की व्यापार नीति संरक्षणवाद के मामले में दुनिया की सबसे कठिन नीतियों में से एक है। ट्रंप ने अमरीका और कनाडा के बीच हुए नाफ्टा समझौते (उत्तरी अमरीका मुक्त व्यापार समझौते) के मौके पर वाइट हाउस में रिपोर्टरों को संबोधित करने के दौरान यह बात कही। अमरीकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि भारत और ब्राजील जैसे देश दुनिया की टॉप इकॉनमी अमरीका के साथ अन्यायपूर्ण तरीके से पेश आते हैं। वहीं अमरीकी राष्ट्रपति ट्रंप एक बार फिर कर चोरी के मामले में फंसते दिखते रह हैं। न्यूयॉर्क टाइम्स में छपी एक खबर के बाद न्यूयॉर्क स्टेट टैक्स अथॉरिटीज ने ट्रंप और उनके कारोबार की जांच शुरू कर दी है। न्यूयॉर्क टाइम्स में प्रकाशित खबर में कहा गया है कि डॉनल्ड ट्रंप और उनके परिवार ने अपना रियल एस्टेट का कारोबार सीधे-सीधे फ्रॉड के आधार पर खड़ा किया है और इसमें करोड़ों डॉलर की कर चोरी शामिल है। न्यूयॉर्क के कर और वित्त विभाग के प्रवक्ता जेम्स गैजाले के अनुसार कर विभाग न्यूयॉर्क टाइम्स में प्रकाशित रिपोर्ट के सभी आरोपों की कठोरता से और हर दृष्टि से जांच कर रहा है।