
राजस्थान क्रिकेट के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज दीपक चाहर के बाद अब राजस्थान के युवा तेज गेंदबाज खलील अहमद को भारतीय क्रिकेट टीम से खेलने का मौका मिलने जा रहा है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की सीनियर चयन समिति ने शनिवार को 15 सितम्बर से यूएई में शुरू होने जा रहे एशिया कप के लिए 16 सदस्यीय टीम इंडिया की घोषणा कर दी है। भारतीय टीम में राजस्थान के युवा गेंदबाज खलील अहमद को भी मौका दिया गया है। इससे पहले भारत के इंग्लैंड दौरे पर ट्वंटी-20 सीरीज के लिए दीपक चाहर को बुलाया गया था। खलील राजस्थान के टोंक जिले से हैं।
राहुल द्रविड़ ने पहचानी प्रतिभा
खलील राजस्थान की जूनियर टीम की ओर से लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे थे, तभी अंडर-19 टीम के कोच राहुल द्रविड़ की नजर उन पर पड़ी और उन्होंने खलील को टीम इंडिया के कैम्प में बुला लिया। खलील ने शानदार प्रदर्शन किया और अंडर-19 टीम इंडिया में जगह बनाने में सफल रहे। वह 2016 में अंडर-19 विश्व कप की उपविजेता रही भारतीय टीम के सदस्य भी रहे हैं।
आईपीएल में भी खेले
खलील इंडियन प्रीमियर लीग में खेलते हैं। उन्होंने अब तक आईपीएल में दिल्ली डेयरडेविल्स और सनराइजर्स हैदराबाद का प्रतिनिधित्व किया है। इसके अलावा वो इंडिया-ए के लिए भी खेल चुके हैं।
ट्वंटी-20 में शानदार प्रदर्शन
खलील ने अब तक 12 ट्वंटी-20 मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 17 विकेट चटकाए हैं। वहीं दो प्रथम श्रेणी मैचों में वह अब तक दो विकेट लेने में सफल रहे हैं।