
जैसलमेर दुर्ग के पास और शिव मार्ग स्थित प्रसिद्ध देवचंद्रेश्वर शिव मंदिर के सामने गत बुधवार सुबह मिले मोर्टार बम का गुरुवार शाम तक निस्तारण नहीं किया जा सका। दरअसल, इस बम को डिफ्यूज करने या उसे ले जाने के लिए सेना का बम निरोधक दस्ता दूसरे दिन शाम तक पहुंचा नहीं। ऐसे में बुधवार सुबह से दूसरे दिन शाम तक पुलिसकर्मी वहां रखवाली के लिए तैनात हैं और आसपास की दुकानें व प्रतिष्ठान लगातार दूसरे दिन बंद रखे गए। ऐसे ही करीब 50 फीट चौड़ी सडक़ को टेपिंग व रस्सी लगा कर बाधित किया गया है। लोगों के बीच दूसरे दिन भी वहां मिट्टी के कट्टों के बीच में संरक्षित कर रखे गए बम को लेकर चर्चाओं का दौर जारी रहा। इस बीच गुरुवार देर शाम को सेना के बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर अपने कब्जे में ले लिया।