
चिड़ावा. शहर के वार्ड 12 में रविवार को हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल दिखी। यहां हिंदू परिवार के शादी समारोह में कायमखानी समाज के लोग भात भरने आए। दरअसल, वार्डवासी श्रवण तामडायत के बेटे चंदन शर्मा की 22 जनवरी की शादी है। जिसमें रविवार को भात की रस्म की गई।
जिसमें झांझोत से कायमखानी समाज के कर्नल शौकत अली, हाजी मजिद खां, खुर्शीद खां, लियाकत खां, महमूद खां भात भरने पहुंचे। जहां हिंदू रिति-रिवाज से भात लिया गया। कर्नल शौकत ने बताया कि श्रवण की पत्नी उनको लंबे समय से भाई मानती आई है। ऐसे में रिश्ते को निभाने के लिए भात भरा। दुल्हे के मामा भी सुलताना से भात लेकर आए।
लोहार्गल में पितृ शांति तर्पण यज्ञ 4 को
उदयपुरवाटी. जन कल्याण के लिए मोनी व सोमवती अमावस्या पर आगामी 4 फरवरी को होने वाले सामूहिक पितृ दोष निवारण व पित्तर शांति तर्पण महायज्ञ को लेकर रविवार को लोहार्गल की सूर्य गोशाला में भूमि पूजन व ध्वज पूजन हुआ। बालाजी अंतराष्ट्रीय ज्योतिष वास्तु शोध संस्थान जयपुर की ओर से हो रहे महायज्ञ के लिए रामानुजाचार्य लोहार्गल सूर्य मंदिर पीठ के स्वामी महंत अवधेशाचार्य , आचार्य वेंकटेश , महंत स्वामी अश्वनी दास के सानिध्य में संस्थान के निदेशक ज्योतिषाचार्य राजानंद शास्त्री ने भूमि पूजन व ध्वज पूजन किया। लोहार्गल के पंडित सुरेंद्र शर्मा शास्त्री ने पूजन कराया। सामूहिक पित्तरदोष निवारणार्थ ,पित्तरदोष शांति तर्पण महायज्ञ में सीकर , झुंझुनू , चूरू ,जयपुर , सवाई माधोपुर , दौसा के श्रद्धालु भाग लेंगे। ये श्रद्धालु पित्तरदोष की शांति के लिए वैदिक एवं शास्त्रानुसार पित्तर शांति महायज्ञ में शामिल होंगे।