
कानपुर. यूपी दिवस के अवसर पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या कानपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पद्मावत फिल्म को लेकर चल रहे विरोध पर कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद यूपी के सिनेमा हॉलों में 25 जनवरी को मूवी रिलीज होगी। किसी को कानून व्यवस्था हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। जो भी महौल बिगाड़ने की कोशिश करेगा, पुलिस उन पर सख्त से सख्त कार्रवाई करेगी। पुलिस-प्रशासन को सिनेमाहॉल और मॉल में सुरक्षा व्यवस्था चॉक-चौबंद करने को कहा गया है। आपको बता दें कि यूपी के नए डीजीपी ओपी सिंह ने भी फिल्म पद्मावत की रिलीज के दौरान विरोध करने वालों को दंडित करने की बात कही है। उन्होंने मंगलवार को कहा कि सही समय पर सही कदम उठाएंगे। फिल्म की रिलीज पर सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन किया जायेगा। किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जायेगा। कानून-व्यवस्था का उल्लंघन बर्दास्त नहीं किया जायेगा।
पुलिस करेगी कार्रवाई-
यूपी के डिप्टी सीएम आज कानपुर के सीएसए परिसर पहुंचे, यहां पर 22 अरब की 132 योजनाओं का शुभारंभ किया। इस मौके पर पद्मावत फिल्म को लेकर चल रहे विरोध पर डिप्टी सीएम ने सधा हुआ बयान दिया। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद अब पूरे प्रदेश में फिल्म सिनेमा हॉलों में दिखाई जाएगी। सिनेमा हॉलों की सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात कर दी गई है। डिप्टी सीएम ने कहा कि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। जो भी महौल बिगाड़ने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ पुलिस कार्रवाई करेगी।
डिप्टी सीएम ने डीएम, एसएसपी से की चर्चा-
‘पद्मावत’ फिल्म को लेकर डिप्टी सीएम डीएम सुरेंद्र सिंह और एसएसपी अखिलेश मीणा से चर्चा की और सिनेमाहॉलों के बाहर पुलिस-बल तैनात करने के निर्देश दिए। कानपुर सिनेमा एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल डिप्टी सीएम से मिला और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उन्हें अवगत कराया। डिप्टी सीएम ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि सिनेमाहॉलों की फुल-प्रूफ सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी। साथ ही मामले पर डीएम से मिलकर अपनी अन्य समस्याओं के बारे में बातचीत करने को कहा। प्रतिनिधिमंडल के सदस्य शाम को डीएम से मिले। डीएम ने सभी की समस्याएं सुनी और निडर होकर फिल्म रिलीज करने को कहा।
रेवमोती में तोड़फोड़ के बाद डले संचालक-
पद्मावत का विवाद होने के बाद शहर के ज्यादातर मल्टीप्लेक्सों में रिलीज को लेकर ऊहापोह की स्थिति है। मिराज (गुरुदेव टॉकीज) और साउथ एक्स में पद्मावत की टिकट बुक हो चुकी हैं और अन्य पर बुकिंग चालू है। करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने पद्मावत फिल्म को लेकर रावतपुर स्थित रेव मोती में हंगामा और तोड़फोड़ की थी। मॉल के संचालक ने तोड़फोड़ करने वालों के खिलाफ कम्प्लेन की थी। पुलिस रेवमोती में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज से आरोपियों की पहचान करने में लगी है। फिल्म से संबंधित स्टैंडी पोस्टर फाड़ डाले थे। कर्मचारियों से अभद्रता कर शीशे भी तोड़ दिए थे। काकादेव पुलिस के पहुंचने से पहले हंगामा कर रहे लोग भाग निकले थे। इस मामले में कार्निवाल सिनेमा के प्रबंधक उमेश यादव ने 30-35 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।