
करौली
जिले की मासलपुर तहसील के जमूरा पंचायत के गढ गांव के नलकूप में दूषित पानी की आपूर्ति से दो दिन में तीन जनों की मौत हो गई। इसके अलावा दस ग्रामीण बीमार हैं। जिनमें से दो की स्थिति खराब है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव मे डेरा डाल दिया है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार गढ गांव के नलकूप में सौर ऊर्जा के प्लांट से पानी की सप्लाई होती है। बारिश के दौरान इस नलकूप के समीप गड्ढा हो गया, जिससे बारिश का पानी नलकूप में प्रवेश कर गया। इस नलकूप के पानी के उपयोग से उल्टी-दस्त की शिकायत हुई।
ग्रामीणों को मासलपुर व करौली के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से जयपुर रैफर किए गए धनीराम (35) पुत्र श्यामलाल ने जयपुर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मंगलवार को बालिका प्रियंका (11) पुत्र पप्पू सिंह राजपूत तथा रामचरण पुत्र सुजान शर्मा की मौत हो गई। मासलपुर के चिकित्सा अधिकारी डॉ. गजेन्द्र पाल ने बताया कि दूषित पानी पीने से इनकी मौत हो गई। विभाग के दल ने उपचार शुरू कर दिया है। पंचायत ने नलकूप से पानी की आपूर्ति बंद करा दी है।