माल गोदाम क्षेत्र में सियाराम चौक पर रेलवे द्वारा अतिक्रमण हटाने के दौरान जमकर विवाद हुआ। मामला शुक्रवार सुबह का है। सियाराम चौक क्षेत्र में रेलवे द्वारा जमीन की नपती कर मकान हटाने की सूचना पर यहां पहुंचे विधायक पति मुकेश तनवे सीधे रेलवे अधिकारियों से भिड़ गए। तनवे का कहना था कि बार-बार गलत नपती कर लोगों को परेशान किया जा रहा है। इसमें से कई लोगों को पट्टे मिले है, पहले राजस्व विभाग उन्हें वहां शिफ्ट करें, फिर रेलवे कार्रवाई करें।
रेलवे माल गोदाम क्षेत्र में नई रेलवे लाइन के लिए अतिक्रमण हटाने का काम किया जा रहा है। शुक्रवार को भुसावल से रेलवे के लॉ ऑफिसर, एसीईएन और पुलिस बल ने यहां नपती कर लोगों को हटाना शुरू किया। लोगों का कहना था कि पहले भी रेलवे चार बार नपती कर अतिक्रमण तोड़ चुका है। अब रेलवे ने जहां पहले कॉलम खड़े किए थे, उन कॉलमों को तोडकऱ चार मीटर अंदर तक आकर लोगों को हटने का बोल रहा है। मौके पर पहुंचे विधायक पति मुकेश तनवे ने रेलवे अधिकारियों को आड़े हाथ लिया। काफी देर रेलवे अधिकारियों और तनवे के बीच बहस भी हुई। रेलवे के अधिकारी का कहना था कि जहां तक हमारी जमीन है, चहां तक अतिक्रमण हटा रहे है। पहले गलती से आगे तक कॉलम बताए थे, अब गलती सुधार कर अंदर तक जमीन से कब्जा हटाया जा रहा है।
राजस्व और रेलवे मिलकर तय करें
मुकेश तनवे ने कहा कि राजस्व विभाग ने पहले लोगों को जहां जगह बताई थी, लोगों ने वहां अपने मकान बना लिए। अब रेलवे उस जगह को भी अपना बता रहा है। उन्होंने रेलवे अधिकारियों को चेतावनी दी कि मामले को हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक ले जाएंगे, सब को पेशी पर दौडऩा पड़ेगा। मुकेश तनवे ने बताया कि 14 लोगों को राजस्व विभाग द्वारा पट्टे भी दिए गए है, लेकिन उन्हें शिफ्ट नहीं किया गया। हमारी मांग है कि पहले उन्हें शिफ्ट करें, फिर जगह खाली कराए।