1 जनवरी 2026,

गुरुवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

खंडवा

Video- होली दहन होते ही उड़ा गुलाल, धुलेंडी पर बरसे रंग

-महिलाओं, बच्चों में दिखा होली का उत्साह, जमकर खेले रंग-दादाजी धाम के पास सांसद ने किया होलिका दहन, निगम ने जलाई सार्वजनिक होली-स्कूल, कॉलेजों विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को रंग लगा दी बधाई-पर्व को लेकर पुलिस रही मुस्तैद, चप्पे-चप्पे पर रही नजर

Google source verification

खंडवा

image

Manish Arora

Mar 09, 2023

खंडवा.
रंगों का पर्व होली-धुलेंडी को लेकर सुबह से ही शहर में उत्साह का माहौल नजर आया। दिनभर बाजार में रौनक छाई रही। मंगलवार शाम होलिका पूजन के साथ ही शुभ मुहूर्त में होलिका दहन हुआ। श्री दादजी धाम के पास सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने होलिका दहन किया। स्कूल, कॉलेजों में विद्यार्थियों ने एक दिन पूर्व ही रंग-गुलाल उड़ाया। सरकारी दफ्तरों में भी अधिकारियों को कर्मचारियों ने गुलाल लगाकर पर्व की बधाई दी। वहीं, पर्व पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस भी मुस्तैद रही। शाम से ही चौराहों, संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात हो गया।
शहर में होलिका दहन को लेकर संशय की स्थिति थी। विप्रजनों द्वारा मंगलवार को होलिका दहन की घोषणा के बाद शाम से जगह-जगह होली जलाने का सिलसिला शुरू हुआ। दादाजी दरबार में छोटे दादाजी महाराज के समय से चली आ रही परंपरा के तहत फागुल शुक्ल पूर्णिमा पर शाम 5 बजे सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल द्वारा पूजन कर होलिका दहन किया गया। पटेल सेवा समिति द्वारा होलिका को नैवेद्य लगाया और चुनरी चढ़ाई गई। वहीं, बांबे बाजार केवलराम चौराहा के आगे खंडवा की प्राचीन होलिका दहन किया गया। नगर निगम परिसर के बाहर अग्रवाल समाज द्वारा प्राचीन होली दहन किया गया। शहर में करीब 200 से अधिक स्थानों पर छोटी, बड़ी होली जलाई गई। महिलाओं ने सूखे गोबर के हार, शकर के कंगन चढ़ाकर होली पूजन किया।
सुबह से पुलिस ने संभाला मोर्चा
मुस्लिम समाज के शब-ए-बारात पर्व और होलिका दहन एक ही दिन होने से पुलिस प्रशासन सुबह से ही मुस्तैद रहा। शाम को शहर सहित संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती भी कर दी गई। पुलिस ने शहर में मौजूद सीसीटीवी कैमरों के अलावा 100 अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे भी संवेदनशील क्षेत्रों में लगाए। साथ ही ड्रोन कैमरे से भी नजर बनाए रखी। वहीं, रात को यातायात पुलिस सहित सभी थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग भी आरंभ की। इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वालों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच कर थाने में बिठाया गया।
जमकर उड़ा रंग, गुलाल
तीन साल बाद होली पर कोरोना का साया नहीं है। जिसके चलते इस बार शहर में रंग-गुलाल की धूम रही। शहर के सराफा, बजरंग चौक, पड़ावा, बड़ाबम सहित अन्य क्षेत्रों में हुरियारे जमकर रंग-गुलाल उड़ाते नजर आए। वहीं, प्रशासन ने धारा 144 के तहत प्रतिबंध भी लगाए हैं। जिले में अपर जिला दंडाधिकारी एसएल सिंघाडे ने दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 (2) के तहत डीजे बजाने पर पूर्ण रूपेण प्रतिबंधित किया है। उन्होंने बताया कि इस आदेश का उल्लंघन करने वालों पर भारतीय दण्ड संहिता की धारा 188 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर, एसपी ने दी शुभकामनाएं
कलेक्टर अनूप कुमार सिंह व पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने सभी जिलेवासियों को होली पर्व की शुभकामनाएं दी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि रंग में भंग डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।