
घटना शुक्रवार रात की है। गौ हत्या का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए सर्चिंग की। रात करीब 11 बजे से आरोपियों को उनके घर जाकर सर्च किया। घर में केवल महिलाएं मिली, आरोपी पहले ही वहां से भाग गए थे। शनिवार सुबह पांच बजे तक पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दो आरोपी दोपहर करीब 12 बजे हाथ आए। इस तरह से पुलिस की सक्रियता से सात आरोपी हाथ आ गए।
इन आरोपियों को गिरफ्तार किया
इस मामले में मुंदवाड़ा मस्जिद में नमाज पढ़ाने वाले हाफिज इमाम उर्फ अब्दुल खान पिता बाबू खान को गिरफ्तार किया है। उसके साथी ग्राम बडि़यातुला निवासी रमजान पिता अकरम पटेल, सलमान पिता भुरू, खालिद पिता अब्दुल नईम, वसीम पिता युनुस, युनूस पिता इब्राहिम तथा सिहाड़ा निवासी जहांगीर पिता अकबर को भी गिरफ्तार किया गया।
कान पकड़कर पैदल घुमाया
आरोपियों को मोघट थाने में रखा गया था। यहां उनसे मिलने परिवार के लोग भी पहुंचे। जिससे थाने के बाहर भी लोग जमा रहे। दोपहर में चार बजे पुलिस ने आरोपियों को पैदल घुमाया। सभी आरोपी कान पकड़कर साथ चल रहे थे। इस दौरान देखने वालों की भीड़ रही। लोग वाहन खड़े कर आरोपियों को देखते रहे। आरोपियों से गो हत्या में उपयोग की गई कुल्हाड़ी और चाकू जब्त किए गए। सभी आरोपियों को कोर्ट पेश किया गया, जहां से सभी को जेल भेज दिया।
विधायक पहुंची घटनास्थल, कहा इमाम पर हो कड़ी कार्रवाई
विधायक कंचन मुकेश तनवे बडियातुला गांव पहुंची जहां गौ हत्या की गई थी। घटनास्थल का निरीक्षण कर एसपी अगम जैन से मुलाकात की। उन्होंने मुंदवाड़ा मस्जिद के इमाम अब्दुल खान को मुख्य आरोपी बनाकर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। कहा कि मामले को फास्ट ट्रेक कोर्ट में चलाया जाए। विधायक तनवे ने बताया कि खंडवा में अशांति फैलाने की साजिश की जा रही है। इमलीपुरा में चर्बी से घी बनाना, बारुख का कारोबार, नकली नोट जैसे मामले सामने आ रहे हैं। गो हत्या मामले में आरोपियों पर रासुका की कार्रवाई की जाए। इमाम ने खड़े रहकर गाय को कटवाया।
हिंदू संगठनों ने ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की
इस मामले में बजरंग दल और अखिल भारत हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। दोनों संगठन के पदाधिकारियों ने एसपी को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की। बजरंग दल के विभाग संयोजक आदित्य मेहता ने बताया कि ग्राम खरकली के दो युवक है उन पर कार्रवाई हो। इन युवकों की बाइक मौके पर पड़ी मिली है। यह दोनों गौ हत्या करने का काम करते है। इसको लेकर भी पुलिस को अवगत कराया है। साथ ही इस मामले में सभी आरोपियों पर रासुका व जिलाबदर की कार्रवाई की जाए।
– इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी पर गोवंश वध प्रतिषेध अधिनियम में प्रकरण दर्ज किया है। आरोपियों का आपराधिक रिकार्ड खंगाला जा रहा है। जिसके आधार पर रासूका व जिलाबदर की कार्रवाई की जाएगी। – अगम जैन, पुलिस अधीक्षक।