
खानशाहवली वार्ड के गुलशन नगर गली नंबर 3 और 4 को बडग़ांव भीला रोड से जोडऩे वाली नाले की पुलिया को लेकर किसी ने प्रशासन से शिकायत की है। जिसके बाद शनिवार को उपायुक्त सचिन सिटोले और अमला जेसीबी लेकर पुलिया में डले सीमेंट पाइप हटाकर रास्ता बंद करने पहुंचा। यहां पार्षद सहित महिलाओं के विरोध के बाद निगम अमला बैरंग लौट आया।
पार्षद का तर्क बच्चों को स्कूल जाने में आएगी परेशानी
शनिवार दोपहर 2.30 बजे नगर निगम खंडवा उपायुक्त सहित अतिक्रमण अमला बडग़ांव भीला रोड और गुलशन नगर के बीच बहने वाले नाले की अस्थाई पुलिया हटाने पहुंचा। यहां पुलिया में सीमेंट के पाइप रहवासियों ने आने-जाने के लिए डाल रखे है। पार्षद मो. शब्बीर कादरी का कहना था कि बच्चे नाला पार कर स्कूल जाते है, रास्ता बंद होने से बच्चों की परेशानी हो जाएगी। पार्षद के साथ ही रहवासी महिलाओं ने भी विरोध दर्ज कराया।
महिलाएं जेसीबी के सामने बैठ गई
महिलाएं जेसीबी के चलने से पहले पुलिया पर बैठ गई। निगम अधिकारी का कहना था कि शिकायत पर कार्रवाई करने आए है। पार्षद ने कहा कि शिकायतकर्ता का नाम सार्वजनिक किया जाए, ताकि उनसे चर्चा कर हल निकाला जा सके। पार्षद ने साफ कहा कि आप किसी का रास्ता बंद नहीं कर सकते। यहां भारी विरोध के बाद उपायुक्त सिटोले अमले सहित वापस लौट गए।