डीआरएम अग्रवाल दोपहर करीब 1 बजे स्पेशल कोच सीआर 250072 से खंडवा स्टेशन पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्लेटफार्म नंबर चार और पांच का दौरा किया तथा करीब आधे घंटे तक यात्री प्रतिक्षालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में एडीआरएम मुकेश मीणा, सीनियर डीसीएम अजय कुमार, सीनियर डीइएन पंचम जाटव, एइएन हरिओम मीणा और स्टेशन मैनेजर जीएल मीणा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफार्म विस्तार और पार्किंग सुविधाओं पर विशेष चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि सर्कुलेटिंग एरिया को बढ़ाने के लिए स्टेशन भवन को थोड़ा पीछे किया जाएगा। वहीं, प्लेटफार्म नंबर एक की संरचना में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। डीआरएम ने रनिंग रूम, भोजन कक्ष और स्वागत कक्ष का भी निरीक्षण किया। रेलवे भूमि पर बनी दुकानों का मुद्दा भी उठा। अधिकारियों ने जानकारी दी कि इस संबंध में मामला कोर्ट में लंबित है। डीआरएम ने स्पष्ट किया कि सर्कुलेटिंग एरिया के विकास में किसी भी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी।
डीआरएम अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा
इस मौके पर रेल समिति सदस्य मनोज सोनी और प्रवक्ता सुनील जैन ने डीआरएम को खंडवा रेलवे से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्लेटफार्म नंबर छह की ओर जाने वाली अप्रोच रोड की जर्जर हालत सुधारने, तीन पुलिया चर्च के पास नई चौड़ी पुलिया बनाने, खंडवा-सनावद मेमू ट्रेन को सप्ताह में छह दिन चलाने और प्लेटफार्म नंबर दो को 24 कोच की लंबाई अनुसार बनाने की मांग की गई। डीआरएम अग्रवाल ने ज्ञापन पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।