कोटा। दौसा सांसद हरीश मीणा को पार्टी में शामिल कराके कांग्रेस नेताओं ने ढूंढ़ाड में भाजपा को जो झटका देने की कोशिशें की थी उसका बदला वसुंधरा राजे ने हाड़ौती में ले लिया। सीएम ने न केवल पूर्व राजपरिवार के सदस्य और कोटा से सांसद रहे इज्यराज सिंह को भाजपा की सदस्यता दिलाई साथ ही उनकी पत्नी कल्पना देवी को पीपल्दा से टिकट भी दे दिया। इसे हाड़ौती में कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सोमवार को लाडपुरा उम्मीदवार कल्पना देवी की नामांकन सभा में भाग लेने आई। बृजराज भवन में आयोजित सभा में उन्होंने कहा, इज्यराज और उनका परिवार मेरे लिए बेटे दुष्यंत की तरह है। इनके आने से पार्टी की ताकत बढ़ी है। इज्यराज सिंह को कांग्रेस में देखकर मैं पीडि़त होती थी। ये परिवार हमारा परिवार है, बहुत सालों से यह परिवार देखा है। सभी के एक तरफ आने से बहुत अच्छा लगा। इस बात की खुशी है कि आज हम सभी एक मंच पर हैं, एक ही भाषा बोल रहे हैं और एक ही झंडे के नीचे हैं। इसके बाद मुख्यमंत्री ने इज्यराज सिंह को भाजपा की सदस्यता दिलाई। कल्पना देवी और इज्यराज सिंह ने कहा, भाजपा ने उन पर जो विश्वास किया है, उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। इज्यराज सिंह ने दुष्यंत सिंह को अपना छोटा भाई कहकर संबोधित किया। वसुंधरा ने इज्यराज सिंह और कल्पना देवी से भाजपा पधाधिकारियों से परिचय कराया। इस दौरान सांसद ओम बिरला, सांसद दुष्यंत सिंह, नगर विकास न्यास के अध्यक्ष आर.के. मेहता, प्रभारी श्यामसुंदर शर्मा, शहर जिलाध्यक्ष हेमंत विजयवर्गीय, देहात अध्यक्ष जयवीर सिंह सहित कई पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
विरोध पर नहीं बोली मुख्यमंत्री
कार्यक्रम में पत्रकारों ने मुख्यमंत्री से यह सवाल कि कल्पना देवी का भाजपा में विरोध हो रहा है। वर्तमान विधायक भवानी सिंह राजावत बागी हो गए हैं, आप कैसे डेमेज कंट्रोल करेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा, यह समय ऐसी बात करने का नहीं है। शुभ कार्य होने जा रहा है।