मेरठ। जम्मू कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले में 40 जवानों की शहादत और उसके बाद पाकिस्तान पर की गई एयर स्ट्राइक के बाद से पूरा देश देशभक्ति से भरा हुआ है। गांव और शहरों में जातिपात, धर्म का भेदभाव मिट चुका है। मेरठ के ग्रामीण क्षेत्रों में जाति और धर्म से ऊपर उठकर लोग देशभक्ति के नारे लगा रहे हैं। गांव की गलियों में बच्चे तिरंगा लेकर घूम रहे हैं। इस समय पूरे मेरठ के ग्रामीण क्षेत्रों में आक्रोश है। पुलवामा में आतंकियों द्वारा किए हमले के बाद से देश में 40 वीर जवानों की अर्थी उठी तो हर तरफ एक ही मंजर दिखा, वीर गाथा गाते हजारों की भीड़, पाकिस्तान को सबक सिखाने के नारे और इन सबके बीच रोते-बिलखते शहीदों के परिवार, इन परिवारों को अपने लाल पर गर्व है कि बेटा देश पर न्यौछावर हुआ है। मेरठ के नंगला शेखू गांव में ग्रामीणों ने तिरंगा लेकर गांव की गलियों में पाकिस्तान मुर्दाबाद और भारत माता की जय के नारे लगाए। इस समय पाकिस्तान के खिलाफ हिंदुस्तानियों का आक्रोश चरम पर है। पूरे देश नम आंखों से अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दे रहा है और छिपकर कायराना हमला करने वाले दुश्मन को इस समय कड़ाई से जवाब देने की दो टूक मांग भी कर रहा है। देश के कोने-कोने में प्रदर्शन हो रहे हैं। मवाना रोड स्थित नगला शेखू गांव में सभी धर्मों के लोगों ने बुधवार की शाम गांव में काफी देर तक तिरंगा यात्रा निकाली।