
मधुलिका सिंह/उदयपुर.धनतेरस से पहले पड़े पुष्य नक्षत्र पर लोगों ने जमकर खरीद की। एक तरह से मानें तो धनतेरस से पहले बाजारों पर धन बरसने का श्रीगणेश हो चुका है। बुधवार को पुष्य नक्षत्र पर बाजारों में काफी रौनक दिखाई दी और इलेक्ट्रॉनिक्स से लेकर ऑटोमोबाइल व ज्वेलरी क्षेत्रों में व्यापारियों की चांदी हो गई। इस बार दिवाली महीने की शुरुआत में है और लोगों की जेबें भी खुशहाल हैं तो लोग खरीदारी करने में पीछे नहीं दिख रहे हैं। अच्छे आगाज के बाद अब व्यापारियों से लेकर ग्राहकों तक को धनतेरस के शुभ मुहूर्त का इंतजार है।उमेश गखरेजा ने बताया कि चांदी के सिक्के खूब बिकने के लिए आए हैं। इस बार लेजर प्रिंटिंग के सिक्के विशेष आकर्षण बने हुए हैं। इसमें राधा-कृष्ण, गणेश जी, लक्ष्मीजी, हनुमानजी, बालगोपाल के डिजाइन हैं। इसमें 700 से लेकर 3000 रुपए तक उपलब्ध हैं।