
वाराणसी. चौकाघाट फ्लाइओवर हादसा मामले में अब केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के बेटे का नाम आने के बाद वाराणसी के सांसद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 2014 के लोकसभा चुनाव में चुनौती देने वाले कांग्रेस नेता अजय राय ने जुबान खोली है। उन्होंने केंद्र व यूपी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पत्रिका से बातचीत में उन्होंने कहा कि गडकरी के बेटे का नाम यूं ही तो नहीं आ रहा। आखिर क्या वजह है कि यूपी सरकार और जिला प्रशासन पूरे प्रकरण में निर्माणाधीन फ्लाइओवर के ठेकेदार के नाम का खुलासा क्यों नहीं कर रहा। किसे बचाया जा रहा है। घटना के 15 दिन बीत गए पर जो एफआईआर दर्ज कराया गया है उसमें अज्ञात ठेकेदार का नाम क्यों दर्ज है। उन्होने कहा कि आखिर क्या वजह है कि गडकरी को खुद सफाई देने आना पड़ा। काशी की जनता गडकरी की सफाई नहीं पूरे प्रकरण का खुलासा चाहती है कि किसकी लापरवाही से इतना बड़ा हादसा हुआ जिसमें 18 लोगों की मौत हो गई। इस पूरे प्रकरण कि निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
उन्होंने प्रधानमंत्री और वाराणसी के सासंद नरेंद्र मोदी पर हमला बोला, कहा कि घटना के 15 दिन बीत गए और वह विदेशी दौरे में व्यस्त हैं। अगर थोड़ी भी संवेदनशीलता होती तो वह अपने संसदीय क्षेत्र में आते, घटना स्थल का मुआयना करते और पीड़ितों से मिलते। लेकिन उन्हें इस सब से कोई सरोकार ही नहीं है। कांग्रेस नेता ने सीएंम योगी आदित्यनाथ पर आरोप लगाया कि वो विकास कार्यो की समीक्षा करने आते हैं और रात के अंधरे में अफसरों के साथ विजिट करते हैं। वह क्यों रात में निकलते हैं। दिन के उजाले में निकलने से कतराते क्यों हैं। दिन में निकलें, पैदल चलें अगर जाम से राहगीरों को राहत दिलाना चाहते हैं।
कांग्रेस नेता नेता ने कहा कि मैं भी सरकार में रहा हूं, मंत्री रहा हूं, पांच बार विधायक रहा। जनप्रतिनिधि का यह दायित्व बनता है कि उसके इलाके में कोई काम हो रहा हो तो वह खुद उसका मुआयना करे। हर वक्त उस पर अपनी निगाह रखे। लेकिन यहां किसी को इससे कोई सरोकार ही नहीं। केवल जल्दबाजी है कि किसी तरह से 2019 के चुनाव के मद्देनजर विकास कार्य गिनाए जा सकें।
