
वाराणसी. लक्सा थाना क्षेत्र के गुरुबाग इलाके में दिनदहाड़े असलहा सटा कर एक महिला का चेन छीनने वाले बदमाश को पकडऩे में क्राइम ब्रांच को सफलता मिल गयी है। चेन स्नेचिंग का वीडियो वायरल होने के बाद लुटरे ने अपना हुलिया बदल लिया था जिससे उसे पहचाना बहुत कठिन हो गया था इसके बाद भी क्राइम ब्रांच ने लक्सा पुलिस की मदद से अपराधी को खोज निकाला। शुक्रवार को एसएसपी आरके भारद्वाज ने प्रेस कांफ्रेंस करके पकड़े गये बदमाश के अपराधों की जानकारी मीडिया को दी।
यह भी पढ़े:-जिला जेल से फिर मिला पांच मोबाइल, मिलीभगत से जारी है सलाखों के पीछे से अपराध
एसएसपी आरके भारद्वाज ने बताया कि 12 जून को सोनभद्र निवासी श्रीमती कंचन जायसवाल से दो बदमाशों ने असलहा सटा कर सोने की चेन छीनी थी। पास के दुकान में लगे सीसीटीवी में घटना कैद हो गयी थी। पुलिस प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए लक्सा पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच को लगाया था। इसके बाद पुलिस की कई टीम गठित की गयी थी और क्राइम ब्रांच प्रभारी विक्रम सिंह ने भी मुखबिरों का जाल बिछा दिया था। क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली कि चेन स्नेचिंग करने वाला बदमाश किसी अन्य घटना को अंजाम देने के लिए औरंगाबाद से रामकुंड अखाड़े की तरफ जाने वाले हैं। इसके बाद क्राइम ब्रांच व लक्सा पुलिस ने मौके पर जाकर घेराबंदी कर ली। इसी बीच वहां पर दो बदमाश आते हुए दिखायी पड़े। बदमाश ने अपना हुलिया बदल दिया था जिससे पहली बार में उसे पहचाना कठिन हो गया था। क्राइम ब्रांच व लक्सा पुलिस ने दौड़ा कर एक बदमाश को पकड़ लिया। जबकि दूसरा भागने में कामयाब रहा। पुलिस ने बदमाश के पास से .315 बोर का तमंचा बरामद किया। पूछताछ में पकड़े गये बदमाश ने अपना नाम विनोद कुमार भारती निवासी आदर्श कालोनी मणडुआडीह बताया है जबकि फरार बदमाश के नाम शेरू खान निवासी दालमंडी थाना चौक है। पूछताछ में बदमाश ने असलहा सटा कर चेन स्नेचिंग की बात स्वीकार की है। क्राइम ब्रांच ने बदमाश को पास से छीने गये चेन का टुकड़ा व एक बाइक भी बरामद करने में सफलता पायी है। पकड़ा गया बदमाश बेहद शातिर है और विभिन्न थाने में उसके उपर 18 मुकदमे दर्ज हैं।
यह भी पढ़े:-ADG से लेकर SSP ने किया परीक्षा केन्द्रों का किया निरीक्षण, एक मुन्ना भाई पकड़ा गया
घटना करने के बाद बदल लिया था हुलिया, मोबाइल का नहीं करते थे प्रयोग
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि असलहा सटा कर चेन छीनने वाले बदमाश ने भगवा गमछा पहने थे और उसके बाल व दाढ़ी भी बढ़े हुए थे। जब बदमाश का सीसीटीवी फुटेज जारी हुआ तो विनोद कुमार भारती ने दाढ़ी बनवा कर बाल छोटा कर दिया था। पूछताछ में बदमाश ने बताया कि वह तमंचा सटा कर लूट करते थे और जरूरत पडऩे पर लोगों को डराने के लिए हवाई फायरिंग भी करते थे। लूट करने के गलियो से भाग जाते थे। मोबाइल का प्रयोग नहीं करते थे क्योंकि इससे पकड़े जाने का खतरा रहता था।
यह भी पढ़े:-पीएम नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में मंत्री से लेकर अधिकारियों ने किया योग, देखे तस्वीर
एसएसपी ने दिया पांच हजार का इनाम
एसएसपी आरके भारद्वाज ने क्राइम ब्रांच व लक्सा पुलिस को पांच हजार रुपया नगद दिया है। पुरस्कार लेने वालों में क्राइम ब्रांच प्रभारी विक्रम सिंह, लक्सा के थाना प्रभारी रहे विनय प्रकाश सिंह, सर्विलांस सेल को श्याम लाल गुप्ता, सुमंत सिंह, सुरेन्द्र मौर्य, चन्द्रसेन सिंह आदि पुलिसकर्मी शामिल थे। प्रेस कांफ्रेंस में एसपी क्राइम ज्ञानेन्द्र प्रसाद, एसपी सिटी दिनेश सिंह भी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़े:-ताबड़तोड़ क्राइम से बैकफुट पर आयी बनारस पुलिस में हुआ बड़ा परिवर्तन, कई थानेदार हटाये गये