
me time
आपने लोगों को अक्सर कहते हुए सुना होगा कि उनके पास काम का अंबार लगा हुआ है लेकिन उन्हें पूरा करने का समय नहीं है। उनके लिए तो दिन के 24 घंटे भी कम पड़ते हैं। आज के दौर में यह समस्या आम हो गई है। छुट्टियों के दौरान तो यह समस्या और बढ़ जाती है। आमतौर पर छुट्टियों में लोग आराम करने को तरजीह देते हैं लेकिन आज की भागमभाग की जिंदगी में यह भी संभव नहीं हो पाता। छुट्टियों में समारोह, घूमना, शॉपिंग, रिश्तेदारों से मिलना आदि इतने सारे काम होते हैं कि आराम का समय ही नहीं होता। अब लोग छुट्टियों में भी बहुत व्यस्त रहते हैं। कामों की यह फेहरिस्त खत्म होने का नाम नहीं लेती और कई बार तो ऐसा लगता है मानो साल के दिन कम पड़ गए हों। अगर आप भी कामों की इस लंबी होती लिस्ट से परेशान हैं, तो इन तरीकों के जरिए भले ही आप कामों को कम न कर पाएं लेकिन अपनी चिंताओं के बीच खुश रहने के बहाने ढूंढ सकती हैं। इससे आपको काम का बोझ हर वक्त अपने सिर पर हावी नहीं लगेगा।
सब कुछ अभी नहीं हो सकता
आपको यह समझना होगा कि आप सब काम एक ही वक्त में नहीं कर सकतीं। आपके पास करने के लिए बहुत से काम हो सकते हैं लेकिन आप अभी उन सबको नहीं कर सकतीं। बेहतर यह होगा कि आप एक बार में एक ही काम करें और उसी पर ध्यान दें। इससे आप सभी काम समय पर और बेहतर ढंग से पूरे कर सकेंगी।
खुद को महसूस करें
काम के बोझ की वजह से आप हमेशा चिंता में रहती हैं। हालांकि, आप इसे भी अपने लिए एक मौके के तौर पर देख सकती हैं। जी हां, आप इन व्यस्त पलों के बीच अपने के लिए कुछ पल निकालकर अपने आस-पास के वातावरण और चीजों को महसूस कर सकती हैं। इससे आपको कुछ नया सीखने और बेहतर बनने में मदद मिलेगी। बस, जरूरत है तो खुद के लिए कुछ सेकंड निकालने की, जिनमें आप खुद को महसूस कर सकें।
जो कर रही हैं, उस पर ध्यान दें
एक बार जब आपने अपने लिए कोई काम चुन लिया तो उसके बाद बाकी सब कुछ भूल जाएं और सिर्फ उसी काम पर अपना पूरा ध्यान केंद्रित करें। अपने काम को पूरी ईमानदारी के साथ करें। अगर आप अपना काम करते समय दूसरे कामों के बारे में सोचेंगी तो आपका ध्यान भटकेगा, जिससे आपका काम बिगड़ सकता है।
आज में खुश रहना सीखेंं
बहुत सारा काम और सब कुछ पूरा करने की चाहत, अक्सर आपकी चिंता की वजह बनती है। इसकी बजाय आपको जो आपके सामने है, उसके लिए सचेत रहना चाहिए। आपको खुद को बताना चाहिए कि आप जो कर रही हैं, उस समय में आप सिर्फ वही कर सकती हैं। इससे आपकी परेशानी कम होगी और आप खुश रहेंगी। आपको चाहिए कि अपने आज की वास्तविकता को मुस्कुराते हुए स्वीकार करें।
बड़े और प्रभावी काम पहले करें
जब आप व्यस्त होती हैं तो आप कई छोटे-छोटे कामों को जल्दी निपटाने की कोशिश करती हैं। इससे अच्छा यह रहता है कि आप उन कामों को पहले करें, जो आपकी जिंदगी को ज्यादा प्रभावित करते हैं। इन कामों पर ज्यादा ध्यान लगाएं। ज्यादा प्रभावी काम को पहले पूरा करने के बाद आप छोटे कामों के जरिए खुद को आराम दे सकती हैं।
Published on:
07 Mar 2018 01:27 pm
बड़ी खबरें
View Allवर्क एंड लाईफ
ट्रेंडिंग
