
Palak Mushroom sandwich
शाम के समय कुछ हल्का फुल्का खाने का मन हो तो आप पालक मशरूम सेंडविच बना सकते हैं। यह झटपट तैयार हो जाते हैं और स्वादिष्ट भी लगते हैं। यहां पढ़ें पालक मशरूम सेंडविच की रेसिपी -
सामग्री -
ब्राउन/ व्हाइट ब्रेड स्लाइस - 4
पालक - 1 कप
मशरूम - 1 कप (पतले कटे हुये)
मॉजेरेला चीज - 1/2 कप (कद्दूकस किया हुआ)
घी/ मक्खन - 1 से 2 टेबल स्पून
काली मिर्च पाउडर - 1/2 छोटी चम्मच से कम
नमक - 1/2 चम्मच या स्वादानुसार
हरी मिर्च - 1 (बारीक कटी हुई)
अदरक का टुकड़ा - 1 इंच (कद्दूकस किया हुआ)
विधि -
फिलिंग तैयार कीजिए
गैस पर पैन गरम कीजिए। गरम पैन में २ छोटी चम्मच घी डाल दीजिए। घी गरम होने पर अदरक और हरी मिर्च डालकर हल्का सा भून लीजिए। फिर, इसमें मशरूम डालकर २ से ३ मिनिट भून लीजिए जिससे मशरूम हल्के नरम हो जाएं।
मशरूम नरम होने के बाद, इसमें पालक भी डालकर मिक्स कर लीजिए। सारी चीजों को अच्छे से मिक्स करते हुए स्टफिंग में से पानी जल जाने तक इसे भून लीजिए। फिर, नमक और काली मिर्च भी डाल दीजिए तथा सारी सामग्रियों को अच्छी तरह से मिक्स होने तक भून लीजिए। स्टफिंग बनकर तैयार है, गैस बंद कर दीजिए और फिलिंग को थोड़ा सा ठंडा होने दीजिए।
सेन्डविच तैयार कीजिए
सेन्डविच बनाने के लिए टोस्टर गरम होने लगा दीजिए। इसी बीच, सेन्डविच में फिलिंग भर लीजिए। एक प्लेट में २ ब्रेड रखिए और इनके ऊपर फिलिंग डालकर फैला दीजिए। ऊपर से मॉजेरिला चीज भी डाल दीजिए। इनके ऊपर ब्रेड लगा लीजिए। ब्रेड के ऊपर थोड़ा सा घी या मक्खन भी लगा लीजिए। सेन्डविच सिकने के लिए तैयार हैं।
सेन्डविच टोस्ट कीजिए
सेन्डविच मेकर अब तक गरम हो गया है। इसमें सेन्डविच सिकने के लिए लगा दीजिए। सेन्डविच को २ मिनिट बाद चैक कर लीजिए। सेन्डविच के अच्छे से ब्राउन होने के बाद, सेन्डविच सिककर तैयार हैं। इन्हें काटकर प्लेट में रख लीजिए।
बहुत ही करारे और स्वाद में लाजवाब पालक मशरूम सेन्डविच सर्विंग के लिए तैयार हैं। इन क्रिस्पी गरमागरम सेन्डविच को टमैटो केचअप, हरे धनिये की तीखी चटनी या किसी भी मनचाही चटनी के साथ परोसिए और चाव से खाइए।
Published on:
30 Sep 2017, 2:59 PM IST
बड़ी खबरें
View Allवर्ल्ड कुजिन
रैसिपीज
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.