
चीन में सांप पालने वाली लड़की की कहानी
Snake Venom Farming Business China Story: चीन के गुआंगशी प्रांत में एक लड़की ऐसा काम कर रही है जिसे सुनकर ज्यादातर लोगों की रूह कांप जाए। 60,000 से ज्यादा जहरीले सांप, और उनके बीच रोज सुबह उठकर काम पर जाना, यही है किन की दुनिया। और इस खतरनाक काम से वो हर साल करीब 10 लाख युआन यानी तकरीबन 1.2 करोड़ रुपये कमा लेती है।
1995 में पैदा हुई किन ने यूनिवर्सिटी की पढ़ाई पूरी की। बहुत से लोग सोचते हैं कि पढ़ाई के बाद किसी बड़े शहर में जाओ, कोई अच्छी नौकरी करो। किन ने ऐसा नहीं किया। वो अपने गांव वापस आ गई, उस फार्म पर, जहां उसके पिता सालों से सांप पाल रहे थे।शुरुआत में उसके पिता नहीं चाहते थे कि वो इस काम में हाथ बंटाए। वजह साफ थी यह काम बेहद खतरनाक है। लेकिन जब अकेले पिता के लिए फार्म संभालना मुश्किल हो गया, तो किन ने कदम आगे बढ़ाया। धीरे-धीरे वो पूरे काम की जिम्मेदारी संभालने लगी।
फार्म पर करीब 50,000 से ज्यादा 'फाइव-स्टेप स्नेक' हैं। ये वो सांप हैं, इनका जहर इतना खतरनाक होता है कि इनके काटने के पांच कदम बाद इंसान गिर सकता है । साथ में करीब 10,000 कोबरा भी इस फार्म पर हैं।
किन का रोज का काम है, उन्हें खाना खिलाना, साफ-सफाई करना और उनकी निगरानी करना। कई सांपों को जबरदस्ती खाना खिलाना पड़ता है, यानी सीधे उनके मुंह में हाथ डालकर। जाहिर है, खतरा हर पल बना रहता है।
किन कहती है कि उसे सांपों से डर नहीं लगता क्योंकि वो बचपन से इनके बीच पली-बढ़ी है। लेकिन वो यह भी मानती है कि सांप के काटने का दर्द बेहद भयंकर होता है, दर्द पूरे शरीर में फैल जाता है और लंबे समय तक रहता है। उसका कहना है कि जो लोग कहते हैं कि उन्हें सांप से डर नहीं लगता, शायद उन्हें कभी काटा ही नहीं गया।
सबसे बड़ी कमाई होती है सांप के जहर से। हर दो हफ्ते में एक बार फाइव-स्टेप सांप से जहर निकाला जाता है। यह जहर रिसर्च के काम आता है और इसकी कीमत 40 से 200 युआन प्रति ग्राम तक होती है। इसके अलावा, सांप का मांस भी बिकता है। 200 से 300 युआन प्रति सांप। बड़े सांपों की कीमत और ज्यादा होती है। परंपरागत चीनी दवाइयों में भी सांप का इस्तेमाल होता है। सूखे सांप, उनकी पित्त की थैली और सांप का तेल, इन सबका बड़ा बाजार है। ये सब बेचकर फार्म हर साल 10 लाख युआन से ज्यादा कमाता है।
किन सिर्फ फार्म तक नहीं रुकी। उसने सोशल मीडिया पर 'द गर्ल हू कलेक्ट्स स्नेक वेनम' नाम से अकाउंट बनाया है। वहां वो जहर निकालने के तरीके, सांपों को खाना खिलाने की प्रक्रिया और अपने रोजमर्रा के काम के वीडियो शेयर करती है। अभी उसके करीब 22,000 फॉलोअर्स हैं। लोगों की उसके काम में दिलचस्पी है। लोग यह जानना चाहते हैं कि यह सब कैसे होता है और कुछ बस यह सोचकर हैरान हैं कि कोई इतने खतरनाक काम को रोज इतने सामान्य तरीके से कैसे कर सकता है।
नोट: जहरीले सांपों के साथ काम करना अत्यंत खतरनाक है। यह काम केवल प्रशिक्षित लोग ही उचित सुरक्षा उपायों के साथ कर सकते हैं।
Updated on:
24 Apr 2026 09:14 pm
Published on:
24 Apr 2026 08:02 pm
बड़ी खबरें
View Allविदेश
ट्रेंडिंग
