
एयर इंडिया फ्लाइट (Photo - ANI)
एयर इंडिया की एक फ्लाइट (Air India Flight) को आज बीच रास्ते ही नेपाल (Nepal) की राजधानी काठमांडू (Kathmandu) से भारत (India) की राजधानी दिल्ली (Delhi) वापस लौटना पड़ा। दरअसल यह फ्लाइट दिल्ली से काठमांडू जा रही थी। हालांकि नेपाल के एयरस्पेस में प्रवेश से कुछ देर पहले ही एयर इंडिया की इस फ्लाइट को डायवर्ट करना पड़ा और इस वजह से उसे वापस दिल्ली मोड़ दिया गया।
काठमांडू के त्रिभुवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट के एक अधिकारी ने जानकारी दी कि दिल्ली से काठमांडू जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट को तकनीकी खराबी की वजह से वापस मोड़ना पड़ा। नेपाल के एयरस्पेस में प्रवेश करने के बावजूद तकनीकी खराबी के कारण फ्लाइट को दिल्ली डायवर्ट कर दिया गया। जानकारी के अनुसार जिस समय फ्लाइट को डायवर्ट किया गया, उस समय वो लखनऊ के एयरस्पेस में थी और कुछ समय में ही नेपाल के एयरस्पेस में प्रवेश करने वाली थी।
जानकारी के अनुसार एयर इंडिया फ्लाइट के पायलट को तकनीकी खराबी का सिग्नल मिला। इस सिग्नल के मिलने के बाद पायलट ने फ्लाइट को काठमांडू ले जाना सही नहीं समझा और इस बारे में दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को जानकारी देते हुए फ्लाइट को डायवर्ट करने के लिए पूछा। एटीसी से ग्रीन सिग्नल मिलते ही फ्लाइट को इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए डायवर्ट कर दिया गया और कुछ ही देर में इसकी सुरक्षित लैंडिंग हो गई। फ्लाइट में मौजूद सभी पैसेंजर और क्रू-मेंबर्स पूरी तरह सुरक्षित रहे।
दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से इस फ्लाइट ने दोपहर 2:42 बजे (भारतीय समयानुसार) उड़ान भरी थी। AI-219 के तौर पर ऑपरेट हो रही यह फ्लाइट एयरबस A320-214 थी। फ्लाइट के काठमांडू के त्रिभुवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग का तय समय शाम 4:30 बजे (नेपाली समयानुसार) था। हालांकि तकनीकी खराबी की वजह से इसे वापस दिल्ली डायवर्ट करना पड़ा। फिलहाल इस बारे में जानकारी सामने नहीं आई है कि फ्लाइट में क्या तकनीकी खराबी आई थी। त्रिभुवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट की तरफ से इस बारे में कोई बयान जारी नहीं किया गया है।
Updated on:
19 Sept 2026 08:23 pm
Published on:
19 Sept 2026 07:09 pm
