
Andy Burnham, photo- IANS
Britain Politics: ब्रिटेन की लेबर पार्टी ने एंडी बर्नहैम को पार्टी का नया नेता चुन लिया है। बर्नहैम, जो पहले ग्रेटर मैनचेस्टर के मेयर रह चुके हैं, सोमवार को ब्रिटेन के प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालेंगे। यह कीर स्टार्मर के औपचारिक रूप से पद छोड़ने के बाद तय प्रक्रिया के तहत होगा।
लंदन के मध्य इलाके में ट्रेड्स यूनियन कांग्रेस के मुख्यालय में ब्रिटेन की होम सेक्रेटरी शबाना महमूद ने कहा कि बर्नहैम को लेबर पार्टी के 379 सांसदों का समर्थन मिला है। वे तय संख्या तक पहुंचने वाले एकमात्र उम्मीदवार थे, इसलिए पार्टी के सदस्यों के बीच वोटिंग कराए बिना ही उन्हें नेता घोषित कर दिया गया। बर्नहैम ने मेकरफील्ड उपचुनाव जीतकर दोबारा संसद में वापसी की थी। इस चुनाव का नतीजा 19 जून को घोषित हुआ था।
स्टार्मर ने 22 जून को लेबर नेता पद से इस्तीफा देने का ऐलान किया था। उन्होंने कहा था कि नए नेता के चुने जाने तक वह प्रधानमंत्री पद पर बने रहेंगे। अपने भाषण में बर्नहैम ने करीब एक दशक पहले कीर स्टार्मर के साथ किए गए काम को याद किया। उन्होंने बताया कि दूसरे हिलसबोरो जांच के बाद हिलसबोरो कानून का शुरुआती मसौदा तैयार करने में दोनों ने साथ काम किया था, जिसमें स्टार्मर की कानूनी विशेषज्ञता का फायदा मिला था।
बर्नहैम ने कहा कि 1980 के दशक के बाद से ब्रिटेन ने कई गलत फैसले लिए हैं। उनके अनुसार, राजनीतिक ताकत ज्यादा केंद्रित होती गई, जबकि घर, पानी, ऊर्जा और परिवहन जैसी जरूरी सेवाओं का निजीकरण कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि इन फैसलों से खर्च बढ़ा, दौलत और ताकत कुछ ही लोगों के हाथों में ज्यादा सिमट गई और कई पुराने औद्योगिक शहरों के पास अपनी अर्थव्यवस्था को फिर से खड़ा करने के लिए जरूरी अधिकार नहीं बचे।
जुलाई 2024 में लेबर पार्टी को 14 वर्षों में पहली बार भारी चुनावी जीत दिलाने के बाद, स्टार्मर को अपनी सरकार की ओर से अपनाई गई नीतियों के लिए आलोचना का सामना करना पड़ा।
मेकरफील्ड उपचुनाव में शानदार जीत के बाद एंडी बर्नहैम को लेबर पार्टी का नेता बनाने के समर्थन में सांसदों की संख्या बढ़ गई थी।
Updated on:
17 Jul 2026 10:06 pm
Published on:
17 Jul 2026 10:06 pm
