
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग। (फोटो- IANS)
ईरान के नए सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह मोजतबा खामेनेई को अमेरिका और इजरायल की ओर से मिल रही खुली धमकियों पर चीन भड़क गया है। चीनी विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट चेतावनी जारी की कि किसी भी बहाने से ईरान के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बीजिंग ने ट्रंप और नेतनयाहू को अप्रत्यक्ष रूप से कड़ा संदेश दिया कि ईरान की संप्रभुता, सुरक्षा और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान किया जाए।
चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने बीजिंग में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'चीन किसी भी बहाने से अन्य देशों के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप का विरोध करता है। ईरान की संप्रभुता, सुरक्षा और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान किया जाना चाहिए।' उन्होंने जोर दिया कि मोजतबा खामेनेई की नियुक्ति ईरान के संवैधानिक ढांचे के अनुसार हुई है, जो पूरी तरह आंतरिक मामला है और इसमें बाहरी हस्तक्षेप की कोई गुंजाइश नहीं।
यह बयान ऐसे समय आया जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ABC न्यूज को दिए इंटरव्यू में मोजतबा को लाइटवेट बताते हुए कहा कि अगर हमारी मंजूरी नहीं मिली तो वह लंबे समय तक नहीं टिकेंगे। ट्रंप ने यहां तक कहा कि ईरान के नए नेता की नियुक्ति में अमेरिका को शामिल होना चाहिए। इजरायली सेना ने भी घोषणा की कि वे 'किसी भी उत्तराधिकारी' को निशाना बनाएंगे और असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स के सदस्यों को भी चेतावनी दी कि वे नए नेता चुनने की कोशिश न करें।
चीन ने इन धमकियों को अस्वीकार्य करार दिया और कहा कि यह ईरान की संप्रभुता का घोर उल्लंघन है। बीजिंग ने पहले भी अमेरिका-इजरायल हमलों को अवैध आक्रमण बताया था और युद्धविराम की मांग की थी। चीन ईरान का बड़ा तेल खरीदार है और बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव के तहत ईरान से गहरा आर्थिक जुड़ाव रखता है। विशेषज्ञों का मानना है कि चीन ऊर्जा सुरक्षा और क्षेत्रीय स्थिरता के लिए ईरान का समर्थन कर रहा है।
विदेश मंत्री वांग यी ने रूसी समकक्ष से बातचीत में भी कहा कि संप्रभु राज्य के नेता की हत्या और रिजीम चेंज की कोशिश अस्वीकार्य है। चीन ने UN चार्टर का हवाला देते हुए सैन्य कार्रवाई तुरंत रोकने की अपील की। इस बीच, ईरान में मोजतबा खामेनेई के समर्थन में हजारों लोग तेहरान के एंगेलाब स्क्वायर में जुटे, जहां उन्होंने नए नेता के प्रति निष्ठा जताई।
Updated on:
09 Mar 2026 07:28 pm
Published on:
09 Mar 2026 07:27 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
