
ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन (Photo-IANS)
Masoud Pezeshkian on Donald Trump Warning: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड द्वारा ईरान को बातचीत की मेज पर आने के लिए दिए गए अल्टीमेटम की उल्टी गिनती जारी है। इस बीच, ईरान के राष्ट्रपति मशूद पेजेशकियन (Masoud Pezeshkian) ने देश के लिए प्राणों का बलिदान देने की बात कही है। उन्होंने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'अब तक 14 मिलियन से अधिक ईरानियों ने देश की रक्षा में अपने प्राणों का बलिदान देने की तत्परता जताई है। मैं भी ईरान के लिए बलिदान देने वाला रहा हूं और रहूंगा।'
इससे पहले, ईरान के उप-खेल मंत्री अलीरेजा रहीमी ने एथलीटों और कलाकारों से बिजली संयंत्रों के चारों ओर ‘मानव श्रृंखला’ बनाने का आह्वान किया। एक वीडियो संदेश में उन्होंने युवाओं, खिलाड़ियों, कलाकारों, छात्रों और शिक्षकों को मंगलवार दोपहर 2 बजे बिजली संयंत्रों के पास एकत्र होने के लिए कहा। उन्होंने कहा, 'यह हमारी दौलत और राष्ट्रीय संपत्ति है, जिसकी रक्षा करना हम सबकी जिम्मेदारी है।'
बताया जा रहा है कि यह आह्वान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (Strait of Hormuz) को फिर से खोलने और समझौते के लिए अमेरिका द्वारा दी गई समय-सीमा के जवाब में किया गया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वॉशिंगटन समयानुसार मंगलवार रात 8 बजे तक होर्मजु स्ट्रेट खोलने और समझौता करने को कहा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि समय-सीमा का पालन न होने पर बिजली उत्पादन संयंत्रों और पुलों को निशाना बनाकर बड़े पैमाने पर बमबारी की जाएगी।
व्हाइट हाउस में एक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'पूरा देश एक ही रात में तबाह हो सकता है, और वह रात कल रात (वॉशिंगटन समयानुसार मंगलवार रात 8 बजे) हो सकती है।'
इस बीच, इजरायली सेना ने दावा किया है कि संघर्ष के दौरान ईरान के 130 से अधिक एयर डिफेंस सिस्टम नष्ट कर दिए गए हैं। जारी वीडियो में इन हमलों की झलक भी दिखाई गई है, हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
ईरान के पश्चिमी हिस्से में स्थित खोर्रमाबाद एयरपोर्ट (Khorramabad Airport) पर अमेरिका और इजरायल द्वारा हवाई हमले की खबर है। ईरान की सरकारी मीडिया के अनुसार, इस हमले में एयरपोर्ट को निशाना बनाया गया है। फिलहाल स्थानीय प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है।
Updated on:
07 Apr 2026 03:45 pm
Published on:
07 Apr 2026 03:40 pm
बड़ी खबरें
View Allविदेश
ट्रेंडिंग
US Israel Iran War
