2 सितंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जर्मनी में रेलवे स्टेशन के पास धमाका, 2 यूक्रेनी नागरिक घायल, संदिग्ध वस्तु मिलने के बाद ट्रेन सेवाएं रोकी गईं

Augsburg Explosion: जर्मनी के ऑग्सबर्ग में रेलवे स्टेशन के पास धमाके में 17 और 18 साल के दो यूक्रेनी नागरिक घायल हो गए। संदिग्ध वस्तु मिलने के बाद ट्रेन सेवाएं रोकी गईं।
2 min read
Google source verification

भारत

image

Rahul Yadav

Sep 02, 2026

Germany explosion, Augsburg explosion, Augsburg railway station blast, Augsburg train station explosion, Germany train station blast, Augsburg Hauptbahnhof explosion,

जर्मनी में रेलवे स्टेशन के पास धमाका (सांकेतिक फोटो - चैटजीपीटी)

Germany Explosion:जर्मनी के ऑग्सबर्ग शहर में बुधवार तड़के मुख्य रेलवे स्टेशन के पास जोरदार धमाका हुआ। इस घटना में 17 और 18 साल के दो यूक्रेनी नागरिक घायल हो गए। दोनों को धमाके की तेज आवाज के कारण कान में चोट लगी। घटना के बाद पुलिस ने इलाके को घेर लिया और बड़े स्तर पर जांच शुरू कर दिया। पुलिस के मुताबिक, धमाका सुबह करीब 3:15 बजे स्टेशन के पास एक इमारत के रास्ते में हुआ। धमाके की आवाज से आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। आसपास की कई खिड़कियों के शीशे भी टूट गए। कुछ स्थानीय कारोबारियों की संपत्ति को भी मामूली नुकसान पहुंचा है।

स्टेशन के पास मिली संदिग्ध वस्तु

धमाके के बाद पुलिस को ऑग्सबर्ग के मुख्य रेलवे स्टेशन के पास एक संदिग्ध वस्तु मिली। इसके बाद सुरक्षा कारणों से स्टेशन को बंद कर दिया गया। यात्रियों को स्टेशन से बाहर निकाला गया और आसपास के इलाकों में आवाजाही पर भी रोक लगा दी गई।

मौके पर बम निरोधक विशेषज्ञों को बुलाया गया। जांच के लिए एक रोबोट भी तैनात किया गया। इस दौरान कुछ समय के लिए ट्रेन सेवाएं रोक दी गईं। सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था भी प्रभावित हुई। बाद में जांच के दौरान स्टेशन पर मिली संदिग्ध वस्तु को खतरनाक नहीं पाया गया। इसके बाद स्टेशन को फिर से खोल दिया गया और ट्रेन सेवाएं बहाल कर दी गईं।

हैंड ग्रेनेड होने की भी रिपोर्ट

धमाके में किस तरह की वस्तु का इस्तेमाल हुआ, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जर्मन मीडिया बिल्ड (Bild) ने दावा किया कि एक ज्वेलरी स्टोर के सामने हैंड ग्रेनेड में विस्फोट हुआ था। हालांकि, पुलिस ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़ी परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हैं। जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि धमाका किस वजह से हुआ और इसके पीछे कौन लोग थे।

रूस से जोड़ने की कोई पुष्टि नहीं

जर्मनी में हाल के दिनों में रूस से जुड़े कथित तोड़फोड़ के मामलों को लेकर चिंता बढ़ी है। हालांकि, ऑग्सबर्ग में हुए इस धमाके को रूस से जोड़ने वाली फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस ने न तो किसी संदिग्ध का नाम बताया है और न ही धमाके के पीछे किसी संगठन या मकसद की पुष्टि की है। जांच जारी है और अधिकारी घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं।