17 सितंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

हूती विद्रोहियों ने शेयर किया मार गिराए सऊदी F-15 फाइटर जेट का वीडियो

Houthis-Saudi Arabia Conflict: यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब को झटका देते हुए सऊदी एयरफोर्स का F-15 फाइटर जेट मार गिराया है। अब उन्होंने इसका वीडियो शेयर किया है।
2 min read
Google source verification

भारत

image

Tanay Mishra

Sep 16, 2026

Houthis shoot down Saudi f-15

हूती विद्रोहियों ने मार गिराया सऊदी F-15 फाइटर जेट (Photo - Video Screenshot from @IranObserver0)

यमन (Yemen) के हूती विद्रोहियों (Houthis) और सऊदी अरब (Saudi Arabia) के बीच जंग गंभीर होती जा रही है। दोनों पक्ष लगातार एक-दूसरे पर हमले कर रहे हैं, लेकिन हूती विद्रोही सऊदी को ज़्यादा नुकसान पहुंचा रहे हैं। हूतियों ने सऊदी अरब को बड़ा झटका देते हुए सऊदी एयरफोर्स के F-15 फाइटर जेट मार गिराया है। हूती मिलिट्री के प्रवक्ता याह्या सरी (Yahya Saree) ने बयान जारी कर कहा कि यह विमान यमन के मारिब प्रांत के एयर स्पेस में दुश्मन की सैन्य कार्रवाई को अंजाम दे रहा था और इसी दौरान हूतियों ने उसे स्थानीय रूप से निर्मित मिसाइल से मार गिराया। अब हूतियों ने इसका वीडियो शेयर किया है।

आग का गोला बना फाइटर जेट

हूतियों ने जो वीडियो शेयर किया, उसमें साफ दिख रहा है कि सऊदी एयरफोर्स के F-15 फाइटर जेट को हूती विद्रोहियों की मिसाइल ने मार गिराया। इसके बाद फाइटर जेट क्रैश हो गया और आग का गोला बना गया। हूतियों ने आरोप लगाया कि पिछले एक हफ्ते में सऊदी एयरफोर्स ने यमन के ताइज, लहज, अल-जौफ, हज्जा, मारिब, सादा और अल-बैदा समेत कई प्रांतों पर 450 से ज़्यादा हवाई हमले किए, जिनमें कई नागरिक हताहत हुए।

अमेरिका से खरीदे थे ये विमान

सऊदी अरब ने अमेरिका (United States of America) से ये विमान खरीदे थे। सऊदी ने अब तक तीन चरणों में ये विमान खरीदे हैं। 1978 में सऊदी ने अमेरिका से 60-62 F-15C/D फाइटर जेट्स का ऑर्डर दिया था और इस डील में करीब 2.5 बिलियन डॉलर का खर्चा हुआ था। इन फाइटर जेट्स की डिलीवरी 1982 से शुरू हुई थी। 1992 में सऊदी अरब ने अमेरिका से 72 F-15S (स्ट्राइक वर्ज़न) खरीदे थे। इनकी लागत करीब 5 बिलियन डॉलर थी। हालांकि अन्य ज़रूरी चीज़ों सहित कुल पैकेज इससे ज़्यादा का था। फिर 2011 में सऊदी ने अमेरिका से 84 नए F-15SA फाइटर जेट्स और इसके साथ पहले से मौजूद 70 पुराने फाइटर जेट्स के लिए अपग्रेड पैकेज की डील की। यह अब तक की सबसे बड़ी डील थी और इसकी कुल लागत 29.4 बिलियन डॉलर थी, जिसमें हथियार, ट्रेनिंग, स्पेयर पार्ट्स आदि भी शामिल थे। इन फाइटर जेट्स की डिलीवरी 2015 से शुरू हुई थी।