17 अक्टूबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

होर्मुज में नेवल माइन से टकराया 2 मिलियन बैरल तेल ले जा रहा सुपरटैंकर, विस्फोट के बाद जहाज में लगी आग

ईरान की IRGC नौसेना ने दावा किया है कि 20 लाख बैरल से ज्यादा तेल ले जा रहा एक सुपरटैंकर होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरते समय एक नौसैनिक बारूदी सुरंग से टकरा गया, जिससे उसमें आग लग गई। ईरान ने जहाजों को चेतावनी देते हुए होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद बताया है।
2 min read
Google source verification

भारत

•

image

Anand Shekhar

•

Oct 17, 2026

strait of hormuz oil tanker

होर्मुज में जहाज में लगी आग (फोटो- X@osinthexagone वीडियो ग्रैब)

Strait of Hormuz Sea Mines: ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की नौसेना ने आधिकारिक तौर पर बताया है कि 20 लाख बैरल से अधिक कच्चे तेल से लदा एक विशाल सुपरटैंकर होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरते वक्त एक समुद्री बारूदी सुरंग से टकरा गया। ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तस्नीम के अनुसार, यह टक्कर तब हुई जब टैंकर एक अनधिकृत समुद्री रास्ते से इस जलडमरूमध्य को पार करने की कोशिश कर रहा था। बारूदी सुरंग से टकराते ही जहाज में एक जोरदार विस्फोट हुआ और देखते ही देखते वह आग की लपटों में घिर गया।

ट्रैकिंग सिस्टम को बंद करने और अमेरिकी मदद लेने के आरोप

टैंकर की गतिविधियों को लेकर आरोप लगाते हुए ईरानी नौसेना ने दावा किया कि जहाज ने अपनी भौगोलिक स्थिति और पहचान छिपाने के लिए अपने ट्रैकिंग, नेविगेशन और रडार सिस्टम को पूरी तरह से बंद कर दिया था। IRGC ने कहा कि टैंकर ने अमेरिकी सेना के समर्थन और सुरक्षा में इस जलडमरूमध्य से निकलने की कोशिश की थी। अमेरिकी सुरक्षा बलों पर निशाना साधते हुए ईरानी सेना ने कहा कि यह विनाशकारी विस्फोट नियमों की अनदेखी करने और अमेरिकी समर्थन पर निर्भर रहने का सीधा परिणाम था।

ईरानी नौसेना ने जहाजों को दी कड़ी चेतावनी

इस घटना के बाद ईरानी नौसेना ने चेतावनी देते हुए कहा की होर्मुज जलडमरूमध्य बंद है। IRGC ने खाड़ी क्षेत्र से गुजरने वाले सभी कमर्शियल और सैन्य जहाजों को आगाह किया है कि अगर कोई जहाज ईरानी समुद्री नियमों या सुरक्षा दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। बयान में स्पष्ट रूप से चेतावनी दी गई है कि जो भी जहाज अमेरिकी समर्थन की आड़ में और बिना अनुमति के ईरानी समुद्री क्षेत्र से गुजरने की कोशिश करेगा, उसे गंभीर नतीजों का सामना करना पड़ेगा।

वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए क्यों अहम है होर्मुज जलडमरूमध्य?

होर्मुज जलडमरूमध्य एक अहम समुद्री मार्ग है, जो फारस की खाड़ी (Persian Gulf) को ओमान की खाड़ी और अरब सागर से जोड़ता है। यह एक ऐसा रास्ता है जिसके जरिए खाड़ी क्षेत्र से दुनिया भर के कई देशों तक कच्चा तेल और प्राकृतिक गैस पहुंचाई जाती है। अगर इस रास्ते से जहाजों की आवाजाही में कोई रुकावट आती है, तो तेल की शिपिंग, बीमा और समुद्री परिवहन से जुड़ी लागत बढ़ सकती है। मौजूदा संघर्ष के दौरान जहाजों पर हमलों और उनकी आवाजाही पर लगी पाबंदियों ने समुद्री व्यापार को पहले ही प्रभावित किया है।