
ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई। (फोटो- IANS)
Iranian President Pezeshkian: ईरान में अहम फैसले लेने की जिम्मेदारी अब IRGC कमांडर अहमद वहीदी लेंगे। ईरान के सुप्रीम नेता मोजतबा खामेनेई ने ईरानी राष्ट्रपति की शक्तियां कम कर दी हैं। इसके साथ ही, सुप्रीम नेता ने राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान को अंतिम चेतावनी भी जारी कर दी है।
एक रिपोर्ट के मुताबिक, खामेनेई ने पेजेशकियान को चेतावनी दी है कि अगर उन्होंने दोबारा इस्तीफे की धमकी दी तो उन्हें पद से हटा दिया जाएगा। वॉशिंगटन स्थित 'इंस्टीट्यूट फॉर द स्टडी ऑफ वॉर' (ISW) ने वरिष्ठ धर्मगुरु मोहम्मद बाकिर खाराजी के हवाले से बताया है कि मोजतबा ने पेजेशकियान को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि वे इस्तीफे की धमकी देकर नीतियों को प्रभावित न करें।
सुप्रीम नेता के फैसले के मुताबिक राष्ट्रीय सुरक्षा, परमाणु कार्यक्रम और अमेरिका से बातचीत जैसे बड़े मुद्दों पर अब IRGC कमांडर अहमद वाहिदी का फैसला अंतिम माना जाएगा। राष्ट्रपति इन मामलों में कोई निर्णय नहीं लेंगे। माना जा रहा है कि सुप्रीम कमांडर के इस निर्णय के बाद ईरान अब आक्रामक रुख के साथ अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले कर सकता है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार समझौते के लिए कूटनीति के रास्ते पर लौटने की बात कही है। हालांकि IRGC हमेशा से ही अमेरिका से बातचीत करने में यकीन नहीं रखता है।
नेतृत्व में अनबन की खबरों के बीच ईरान ने कहा है अमेरिका से उसकी कोई बात नहीं चल रही है। ईरान ने डोनाल्ड ट्रंप के दावे को झूठा बताया है। हालांकि कुछ रिपोर्ट्स की माने तो दोनों देशों के बीच अप्रत्यक्ष बातचीत चल रही है, जिसमें कतर, सऊदी अरब और UAE अहम भूमिका निभा रहे हैं। वहीं ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची अमेरिकी दूतों के साथ अप्रत्यक्ष संपर्क में हैं।
ईरान और अमेरिका के बीच ताजा सैन्य संघर्ष को लेकर रॉयटर्स ने एक रिपोर्ट पब्लिश की है। रॉयटर्स की इस नई रिपोर्ट के मुताबिक ईरान अब सीधी सैन्य जीत के बजाय समुद्री व्यापार, तेल आपूर्ति और अहम शिपिंग रूट्स पर दबाव बनाकर अमेरिका और उसके सहयोगियों की लागत बढ़ाने की रणनीति अपना रहा है। उधर ट्रंप प्रशासन ने मिडिल ईस्ट के विशेषज्ञों से ईरान पर दबाव बढ़ाने और उसे कठोर सजा देने के लिए सुझाव मांगे हैं।
Updated on:
04 Aug 2026 04:32 pm
Published on:
04 Aug 2026 04:32 pm
