
अमेरिका-ईरान युद्ध(फोटो-ANI)
Iran Missile Attack: ईरान ने दावा किया है कि रविवार को खुजेस्तान प्रांत के अबादान शहर के बाहरी इलाके पर मिसाइल हमला किया गया। ईरानी अधिकारियों के मुताबिक इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ। इससे पहले ईरान के परमाणु ऊर्जा संगठन (AEOI) ने आरोप लगाया कि अमेरिका ने निर्माणाधीन डारखोविन परमाणु ऊर्जा संयंत्र पर भी मिसाइल हमला किया है। इन घटनाओं के बीच अमेरिका और ईरान के बीच तनाव और गहरा गया है।
ईरान के सरकारी प्रसारक आईआरआईबी (IRIB) के अनुसार, खुजेस्तान गवर्नरेट के डिप्टी सिक्योरिटी एंड पुलिस ऑफिसर वलीउल्लाह हयाती ने बताया कि रविवार को अबादान शहर की सीमा से बाहर स्थित एक इलाके पर मिसाइल हमला हुआ। हयाती ने आरोप लगाया कि यह हमला 'अमेरिका के आतंकवादी दुश्मन' की ओर से किया गया। हालांकि उन्होंने कहा कि इस हमले में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि मामले में डिटेल जानकारी बाद में जारी की जाएगी।
ईरान के परमाणु ऊर्जा संगठन (AEOI) ने दावा किया कि रविवार तड़के स्थानीय समयानुसार करीब 3:39 बजे निर्माणाधीन डारखोविन परमाणु ऊर्जा प्लांट पर कई प्रोजेक्टाइल दागे गए। संगठन ने बयान में आरोप लगाया कि यह हमला अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन है और डारखोविन प्लांट ईरानी राष्ट्र की वैज्ञानिक आत्मनिर्भरता और सम्मान का प्रतीक है।
इन घटनाओं के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान द्वारा अमेरिका के साथ हुए समझौते (MoU) का पालन नहीं करने के फैसले से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि अमेरिका की प्राथमिकता केवल एक है कि ईरान किसी भी कीमत पर परमाणु हथियार हासिल न कर सके।
आपको बता दें कि यह समझौता जून के मध्य में अमेरिका और ईरान के बीच हुआ था, जिसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच जारी संघर्ष को समाप्त करना था।
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसने खुजेस्तान प्रांत के अहवाज शहर में अमेरिका के एमक्यू-9 (MQ-9) ड्रोन को मार गिराया है। हालांकि इस दावे पर अमेरिका की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
Updated on:
19 Jul 2026 10:10 pm
Published on:
19 Jul 2026 10:03 pm
