20 जुलाई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

epaper_icon

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

क्या दुनिया की तेल सप्लाई पर मंडरा रहा है बड़ा खतरा? होर्मुज स्ट्रेट पर मार्को रुबियो के बयान से बढ़ी चिंता

Marco Rubio Statement on Iran: अमेरिका-ईरान तनाव के बीच होर्मुज स्ट्रेट को लेकर अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने ईरान पर वैश्विक शिपिंग पर दबाव बनाने का आरोप लगाया और दुनिया के देशों से सुरक्षा की जिम्मेदारी साझा करने की अपील की।
2 min read
Google source verification
US Secretary of State Marco Rubio on Strait of Hormuz.

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो । ( फोटो : ANI)

Marco Rubio on Strait of Hormuz: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर वैश्विक ऊर्जा बाजार पर भी साफ दिखाई दे रहा है। कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे दुनिया के कई देशों को घरेलू स्तर पर आर्थिक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच, होर्मुज स्ट्रेट को लेकर अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के बयान ने वैश्विक स्तर पर नई चिंता पैदा कर दी है।

दरअसल, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि ईरान मौजूदा मध्य पूर्व संघर्ष के दौरान हॉर्मुज स्ट्रेट का इस्तेमाल दुनिया पर दबाव बनाने के लिए कर रहा है। उन्होंने कहा कि वैश्विक समुद्री व्यापार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अन्य देशों को भी आगे आकर अधिक जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

फिलीपींस रवाना होने से पहले रुबियो ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, 'यह स्पष्ट है कि ईरान में कम से कम कुछ लोग हॉर्मुज स्ट्रेट पर नियंत्रण रखना चाहते हैं और इसे दुनिया के खिलाफ दबाव बनाने के साधन के रूप में इस्तेमाल करना चाहते हैं।'

उन्होंने आगे कहा, 'संयुक्त राज्य अमेरिका वैश्विक समुद्री मार्गों की सुरक्षा के लिए जो भी आवश्यक होगा, वह करता रहेगा और आगे भी करता रहेगा। लेकिन अन्य देशों को भी आगे आना चाहिए और इस जिम्मेदारी को साझा करने के लिए सैन्य संसाधन या वित्तीय सहायता प्रदान करनी चाहिए।'

आपको बता दें कि इससे पहले डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले व्यापारिक जहाजों पर 20 फीसदी शुल्क लगाने की बात कह चुके हैं, हालांकि भारत समेत तमाम देशों द्वारा इसकी आलोचना के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपने फैसले को वापस ले लिया था।

अमेरिका ईरान के साथ कूटनीतिक समाधान को तैयार

अमेरिकी विदेश मंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में यह भी कहा कि अमेरिका ईरान के साथ कूटनीतिक समाधान निकालने के लिए तैयार है। हालांकि, यदि बातचीत विफल रहती है तो इसका नुकसान तेहरान को ही उठाना पड़ेगा। रुबियो ने दावा किया कि ईरान की ओर से अमेरिका के साथ बातचीत की इच्छा के संकेत मिल रहे हैं।

इराक में शनिवार को एक अमेरिकी सैनिक की मौत पर उन्होंने कहा कि यह घटना एक दुर्घटना थी। उनके मुताबिक, यह हादसा ईरानी ड्रोन के मलबे से मिले एक बिना फटे विस्फोटक को नियंत्रित तरीके से निष्क्रिय करने के दौरान हुआ।