
मशहूर फिल्म डायरेक्टर के आरोपी बेटे निक को नहीं होगी मौत की सजा (फोटो सोर्स-@JavierCeriani)
Rob Reiner News: लॉस एंजिलिस में हॉलीवुड के मशहूर फिल्म डायरेक्टर रॉब रेनर और उनकी पत्नी मिशेल की हत्या के मामले में एक बड़ा अपडेट सामने आया है। कैलिफोर्निया के अभियोजकों ने यह साफ कर दिया है कि अपने ही माता-पिता की जान लेने के आरोपी बेटे निक रेनर के खिलाफ वे फांसी यानी मौत की सजा की मांग नहीं करेंगे।
जिला अटॉर्नी नाथन होचमैन ने बताया कि कानून, पुलिस रिपोर्ट और पीड़ित परिवार से बातचीत के बाद यह फैसला लिया गया है। 33 साल के निक रेनर पर माता-पिता की हत्या और उन पर छिपकर हमला करने के गंभीर आरोप हैं। अगर अदालत में उन पर यह जुर्म साबित हो जाता है, तो उन्हें बिना पैरोल के पूरी जिंदगी जेल में ही काटनी होगी।
अदालत में निक की पैरवी कर रही वकील किम्बर्ली ग्रीन ने इस फैसले का समर्थन किया है। उन्होंने बताया कि निक लंबे समय से गंभीर मानसिक बीमारी और नशे की लत से जूझ रहा है। वकील के अनुसार, यह मामला दिखाता है कि मानसिक स्वास्थ्य की समस्याओं का सामना कर रहे व्यक्तियों के लिए सही समय पर इलाज और मदद पाना कितना मुश्किल हो जाता है।
कोर्ट में सुनवाई के दौरान निक को कड़ी सुरक्षा के बीच जेल की पोशाक और हथकड़ी में पेश किया गया। सुनवाई के दौरान न्यायाधीश ने ग्रैंड ज्यूरी की कार्यवाही से जुड़े अहम दस्तावेजों को सार्वजनिक करने से मना करते हुए उन्हें पूरी तरह सीलबंद रखने का आदेश दिया। अभियोजक पक्ष ने स्पष्ट किया कि रॉब रेनर के बाकी दो बच्चों जेक और रोमी रेनर ने इन दस्तावेजों को गुप्त रखने की अपील की थी। उनका कहना था कि माता-पिता की हत्या से जुड़े खौफनाक विवरण बाहर न लाए जाएं। इससे उनके परिवार को और गहरा सदमा लगेगा।
पिछले साल दिसंबर में रॉब रेनर और उनकी पत्नी मिशेल का शव उनके घर में मिला था। दोनों के शरीर पर चाकू के गहरे घाव थे। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने उनके बेटे निक को गिरफ्तार कर लिया था। रॉब के बड़े बेटे जेक ने एक इंटरव्यू में अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि वे इस बात को कभी नहीं समझ पाएंगे कि उनके भाई ने ऐसा क्यों किया। उन्होंने बताया कि घटना के बाद से उनकी अपने भाई निक से कोई बात नहीं हुई है।
हाल ही में हुए '2026 एमी अवॉर्ड्स' में पूरे हॉलीवुड ने रॉब रेनर और उनकी पत्नी को याद किया। रॉब रेनर को शो 'द बियर' में उनकी बेहतरीन एक्टिंग के लिए मरणोपरांत (मौत के बाद) एमी पुरस्कार से नवाजा गया। वहीं, मशहूर एक्ट्रेस जेमी ली कर्टिस ने भरे मंच से इस जोड़े को याद करते हुए भावुक श्रद्धांजलि दी।
Updated on:
16 Sept 2026 02:22 pm
Published on:
16 Sept 2026 02:19 pm
