27 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Pakistan Afghanistan war: ‘युद्ध का ऐलान करते हैं, हमारा सब्र अब खत्म हो चुका’, पाक रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के बयान से सकते में दुनिया

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने अफगान तालिबान सरकार के खिलाफ “खुला युद्ध” का ऐलान किया। काबुल और कंधार में एयरस्ट्राइक, सीमा पर झड़पें और भारत की कड़ी प्रतिक्रिया के बीच पाकिस्तान-अफगानिस्तान तनाव चरम पर।

2 min read
Google source verification
Khawaja Asif

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ

Pakistan airstrike Afghanistan: पाकिस्तान और अफगानिस्तान की तालिबान सरकार के बीच तनाव चरम पर है। इसी बीच पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ (Khawaja Asif) का शुक्रवार को बड़ा बयान सामने आया। उन्होंने अफगान तालिबान सरकार के खिलाफ “खुला युद्ध” घोषित कर दिया। उनका यह बयान दोनों देशों के साझा सीमा क्षेत्र में फिर से शुरू हुई झड़पों के बाद आया। ख्वाजा आसिफ ने एक्स (X) पर लिखा, “हमारा सब्र अब खत्म हो चुका है। अब हमारे और आपके बीच खुला युद्ध है।”

हाल ही में पाकिस्तान की ओर से अफगानिस्तान सीमा पर की गई एयरस्ट्राइक में कई लोगों की जान गई थी। तनाव उस समय और बढ़ गया जब गुरुवार को अफगान बलों ने सीमा पर पाकिस्तानी सैनिकों पर जवाबी हमला किया। इसके बाद पाकिस्तान की तरफ से काबुल और कंधार सहित अफगानिस्तान के कई प्रमुख शहरों पर हवाई हमले किए गए।

अफगानिस्तान सरकार के प्रवक्ता Zabihullah Mujahid ने एक्स पर कहा, “काबुल, कंधार और अन्य प्रांतों में हवाई हमलों के बाद एक बार फिर पाकिस्तानी सैनिकों की चौकियों पर व्यापक जवाबी अभियान शुरू किए गए।” उधर, पाकिस्तान ने भी अफगानिस्तान के ठिकानों पर हमले की पुष्टि की है। सूचना मंत्री Attaullah Tarar ने पोस्ट किया, “काबुल, पक्तिका प्रांत और कंधार में अफगान तालिबान के रक्षा ठिकानों को निशाना बनाया गया।”

19 पाकिस्तानी चौकियों पर कब्जे का दावा

तालिबान के नेतृत्व वाली अफगानिस्तान सरकार ने दावा किया है कि उनकी सेना ने एक अभियान के दौरान 19 पाकिस्तानी चौकियों पर कब्जा कर लिया है। साथ ही 55 पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराने का दावा किया गया है। 23 शव बरामद करने और कुछ सैनिकों को जीवित पकड़ने की भी बात कही गई है। इसके अलावा पाकिस्तानी सेना के दर्जनों हथियार, टैंक और हार्वेस्टर जब्त करने का दावा किया गया है। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

22 फरवरी को की गई थी एयरस्ट्राइक

इससे पहले पाकिस्तान ने 22 फरवरी को अफगानिस्तान पर एयरस्ट्राइक की थी। इस हमले में कई लोगों की मौत हुई थी। पाकिस्तान की इस कार्रवाई की अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने कड़ी निंदा की थी और समय आने पर कड़े कदम उठाने की बात कही थी।

भारत ने की थी कड़ी आलोचना

भारत ने 22 फरवरी को अफगानिस्तान पर की गई पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक की कड़ी आलोचना की थी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता Randhir Jaiswal ने कहा कि रमजान के पवित्र महीने के दौरान अफगान धरती पर पाकिस्तान के हवाई हमलों की भारत कड़ी निंदा करता है, जिनमें महिलाओं और बच्चों समेत आम नागरिकों की मौत हुई। उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान अपनी आंतरिक विफलताओं का दोष भारत पर डालने की कोशिश करता रहा है। भारत ने अफगानिस्तान की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और स्वतंत्रता के प्रति अपना समर्थन दोहराया।