26 अगस्त 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Pakistan Fuel Price Hike: होर्मुज स्ट्रेट पर तनाव का असर, पाकिस्तान में बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम; अब रोज तय होंगी कीमतें

Pakistan Petrol Diesel Price: होर्मुज स्ट्रेट पर बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इजाफा हुआ है। जानें नई कीमतें और अब रोज कैसे तय होंगे ईंधन के दाम।
2 min read
Google source verification
Pakistan Petrol Diesel price update.

पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी (फोटो-ANI)

अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार में जारी उतार-चढ़ाव और मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव का असर पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था पर साफ दिख रहा है। दरअसल, पाकिस्तान सरकार ने एक बार फिर पेट्रोल और हाई स्पीड डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की है। पेट्रोल की कीमत में 1.12 रुपए और हाई स्पीड डीजल की कीमत में 1.11 रुपए प्रति लीटर की वृद्धि की है। नई दरों के बाद अब पाकिस्तान में पेट्रोल 343.10 रुपए प्रति लीटर और हाई स्पीड डीजल 371.80 रुपए प्रति लीटर हो गया है।

पाकिस्तान सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, नई ईंधन कीमतें 26 और 27 अगस्त तक प्रभावी रहेंगी। कीमतों में यह बदलाव ऐसे समय हुआ है, जब अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण वैश्विक ऊर्जा बाजार में अनिश्चितता बनी हुई है।

होर्मुज स्ट्रेट पर तनाव से बढ़ी चिंता

मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव का सीधा असर अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार पर पड़ रहा है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण ऊर्जा मार्गों में से एक है। युद्ध से पहले वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति का करीब पांचवां हिस्सा इसी समुद्री मार्ग से होकर गुजरता था। क्षेत्र में तनाव बढ़ने और इस मार्ग से ऊर्जा आपूर्ति बाधित होने की आशंका ने तेल बाजार में अस्थिरता बढ़ा दी है।

इसी स्थिति को देखते हुए पाकिस्तान सरकार ने ईंधन की कीमतों की समीक्षा के लिए दैनिक व्यवस्था लागू करने का फैसला किया है। इससे पहले पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हर दो सप्ताह में बदलाव किया जाता था। बाद में इसे साप्ताहिक समीक्षा व्यवस्था में बदला गया था।

अब रोज तय होंगी पेट्रोल-डीजल की कीमतें

नई व्यवस्था के तहत ऑयल एंड गैस रेगुलेटरी अथॉरिटी (OGRA) पेट्रोल और हाई स्पीड डीजल की दैनिक एक्स-डिपो कीमतें जारी करेगी। कीमतों का निर्धारण पिछले सात दिनों में अंतरराष्ट्रीय बाजार में दर्ज औसत कीमतों के आधार पर किया जाएगा।

OGRA को दैनिक कीमतों की घोषणा के लिए प्रधानमंत्री या संघीय सरकार की पूर्व मंजूरी लेने की जरूरत नहीं होगी। हालांकि, शुक्रवार को घोषित कीमतें शनिवार और रविवार को भी लागू रहेंगी।

सरकार का कहना है कि दैनिक कीमत निर्धारण व्यवस्था से अंतरराष्ट्रीय बाजार में होने वाले बदलावों को तेजी से घरेलू उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जा सकेगा और ईंधन कीमतों में पारदर्शिता भी बढ़ेगी। आगे पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर अंतरराष्ट्रीय बाजार के साथ-साथ होर्मुज स्ट्रेट में तनाव और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति की स्थिति का भी असर देखने को मिल सकता है।