
मुजफ्फराबाद में पाकिस्तानी सेना का हेलीकॉप्टर क्रैश (फोटो- PocoP88 एक्स पोस्ट)
पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में बुधवार को पाकिस्तान सेना का एक Mi-17 हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में विमान सवार सभी 21 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा मुजफ्फराबाद के पास नीलम वैली सेक्टर में हुआ, जहां पिछले कुछ दिनों से सुरक्षा स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार हेलिकॉप्टर अतिरिक्त सैनिकों को लेकर जा रहा था, तभी उडान भरते समय उसमें तकनीकी खराबी आ गई। पायलट ने आपात लैंडिंग की कोशिश की, लेकिन विमान नियंत्रण खो बैठा और कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद इलाके में राहत और बचाव अभियान भी शुरू कर दिया गया है।
पाकिस्तान सेना के जनसंपर्क विभाग इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) ने बयान जारी कर कहा कि हेलिकॉप्टर में सवार सभी कर्मियों ने ड्यूटी के दौरान जान गंवाई। सेना ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद बचाव दलों को मौके पर भेजा गया, जिन्होंने मलबे को सुरक्षित करने और शवों को निकालने का काम शुरू किया। शुरुआती जांच में तकनीकी खराबी की आशंका जताई गई है। सेना ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए औपचारिक जांच बोर्ड गठित कर दिया है।
पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर और सैन्य नेतृत्व ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। सेना की ओर से जारी बयान में मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई। अधिकारियों के मुताबिक हेलिकॉप्टर पहाडी इलाके में उडान भर रहा था, जिससे आपात स्थिति में सुरक्षित लैंडिंग करना चुनौतीपूर्ण हो गया। अभी तक मृतकों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। जांच एजेंसियां हेलिकॉप्टर के तकनीकी रिकॉर्ड, मौसम की स्थिति और उडान से जुडे पहलुओं की जांच कर रही हैं ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जा सके।
यह हादसा ऐसे समय हुआ है जब पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में हाल के दिनों में हिंसा और विरोध प्रदर्शनों का दौर जारी है। रावलाकोट में सप्ताहांत के दौरान प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच हुई झडपों में कई लोगों की मौत और सैकडों लोगों के घायल होने की खबरें सामने आई थीं। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया कि हिंसा में करीब 30 लोगों की जान गई और लगभग 200 लोग घायल हुए। इस बीच हेलिकॉप्टर दुर्घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति को लेकर चिंताएं बढा दी हैं।
Updated on:
10 Jun 2026 05:53 pm
Published on:
10 Jun 2026 05:14 pm
बड़ी खबरें
View Allविदेश
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
