
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की। (फोटो- ANI)
Russia-Ukraine War: ईरान-अमेरिका के बाद रूस-यूक्रेन भी युद्धविराम के लिए तैयार हो गए हैं। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ऑर्थोडॉक्स ईस्टर के लिए सीजफायर की घोषणा की है, जिस पर यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की ने कीव की ओर से इसका पालन करने की इच्छा जताई है।
रूसी राष्ट्रपति पुतिन के ऑफिस की ओर से कहा गया है कि यह सीजफायर 11 अप्रैल को शाम 4 बजे से शुरू होकर 12 अप्रैल के अंत तक लागू रहेगा। रूसी सैनिकों को 11-12 अप्रैल के सीजफायर के दौरान सभी दिशाओं में युद्धक अभियान रोकने का आदेश दिया गया है।
हालांकि, इस आदेश के साथ रूसी सैनिकों को दुश्मन के किसी भी हमले का जवाब देने के लिए तैयार रहने को भी कहा गया है।
इस बीच, जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन ने ईस्टर की छुट्टियों के दौरान सीजफायर का प्रस्ताव रखा था और वह उसी के अनुसार कार्य करेगा।
जेलेंस्की ने एक्स पोस्ट में लिखा- यूक्रेन ने बार-बार कहा है कि हम सममित कदमों के लिए तैयार हैं। हमने इस साल ईस्टर की छुट्टियों के दौरान सीजफायर का प्रस्ताव रखा था और हम उसी के अनुसार कार्य करेंगे।
जेलेंस्की ने कहा कि लोगों को खतरों से मुक्त ईस्टर और शांति की दिशा में वास्तविक प्रगति की आवश्यकता है और रूस के पास भी यह मौका है कि वह ईस्टर के बाद फिर से हमले शुरू न करे।
यह सीजफायर ऐसे समय में आया है जब यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध समाप्त करने की बातचीत अभी भी रुकी हुई है। रूस की ओर से 3 अप्रैल को कहा गया कि मॉस्को ने बार-बार यह बात दोहराई है कि यूक्रेन में रूस के सैन्य अभियान को रोकने के लिए, कीव को डोनबास से पीछे हटना होगा।
जब रूसी राष्ट्रपति कार्यालय के प्रवक्ता से उन रिपोर्टों के बारे में पूछा गया जिनमें आरोप लगाया गया था कि रूस ने यूक्रेनी सैनिकों की वापसी के लिए एक समय सीमा तय की है, तो उन्होंने जवाब दिया- कोई समय सीमा नहीं है, यह सच नहीं है।
प्रवक्ता ने कहा कि डोनबास से यूक्रेनी सैनिकों की वापसी से मॉस्को और कीव के बीच युद्ध के राजनीतिक व कूटनीतिक समाधान की ओर बढ़ने में मदद मिलेगी।
रूस की ओर से कहा गया- युद्ध रोकने के लिए जेलेंस्की को राजनीतिक जिम्मेदारी लेनी होगी और एक उचित फैसला करना होगा। लेकिन यहां कोई समय सीमा नहीं है। यह काम आज किया जाना चाहिए या इससे भी बेहतर होगा कि यह कल ही कर लिया गया होता।
Updated on:
10 Apr 2026 04:33 pm
Published on:
10 Apr 2026 04:33 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
