
यूक्रेन में हथियारों के गोदाम पर रूस ने किया हमला (Photo - Video Screenshot from @SkyNews)
रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध (Russia-Ukraine War) 4 साल से ज़्यादा समय से जारी है। 24 फरवरी, 2022 को जब यह युद्ध शुरू हुआ था, तब लगा था कि कुछ दिन में ही रूस इस युद्ध को जीत लेगा, लेकिन लगातार मिले इंटरनेशनल सपोर्ट की वजह से यूक्रेन अभी भी इस युद्ध में डटा हुआ है। रूस की तरफ से यूक्रेन पर लगातार हमले किए जा रहे हैं, लेकिन अब यूक्रेन ने भी रूस पर हमले शुरू कर दिए हैं। इसी बीच अब रूस ने एक बार फिर यूक्रेन पर बड़ा हमला किया है।
रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव के पास बुचा जिले के मिला गांव में गोला-बारूद के गोदाम को निशाना बनाया। रूसी सेना ने इस गोदाम पर ड्रोन अटैक किया, जिससे जोर का धमाका हुआ और गोदाम में आग लग गई। गोदाम में गोला-बारूद होने की वजह से यह काफी देर तक धधका और आग आसपास के आवासीय क्षेत्रों में तक पहुंच गई। इस हमले में 37 लोग मारे गए।
रूस के इस ड्रोन अटैक में 42 लोग घायल हो गए। घायलों को नज़दीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। यह हमला इस साल कीव इलाके में सबसे घातक रूसी हमलों में से एक है।
आग के फैलने की वजह से करीब 50 आवासीय इमारतें क्षतिग्रस्त हुईं, जिनमें बुज़ुर्गों और विकलांगों के लिए एक केयर होम भी शामिल है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए करीब 370 से 400 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। आग पर काबू पाने के लिए फायरफाइटर्स को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
इस हमले के बाद रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसने मिला गांव में लंबी दूरी के ड्रोन के पार्ट्स और लॉन्च बूस्टर वाले गोला-बारूद गोदाम को निशाना बनाया। यह हमला यूक्रेन की सैन्य क्षमता को कम करने के लिए किया गया।
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेन्स्की (Volodymyr Zelenskyy) ने इस घटना को बड़ी लापरवाही बताया। उन्होंने कहा कि रक्षा बलों के गोदाम में गोला-बारूद ऐसी जगह पर रखा गया था जहाँ बिल्कुल नहीं होना चाहिए था यानी आवासीय क्षेत्रों के बिल्कुल नज़दीक। ज़ेलेन्स्की ने दोषियों को सज़ा देने और जांच का वादा किया।
Updated on:
30 Aug 2026 01:35 am
Published on:
30 Aug 2026 01:32 am
