हूती समर्थित मीडिया ने जानकारी दी कि सऊदी अरब ने रविवार को पश्चिमी प्रांत होदेइदाह में लाल सागर के तट पर स्थित एक प्रमुख तेल टर्मिनल पर हवाई हमला कर दिया। यह तेल टर्मिनल रास ईसा बंदरगाह पर स्थित है। इस हवाई हमले में बंदरगाह का एक बर्थ और वहाँ खड़ा एक कमर्शियल जहाज भी प्रभावित हुआ। हमले में कितना नुकसान हुआ, फिलहाल इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि बताया जा रहा है कि हमले में 7 लोग घायल हो गए। इतना ही नहीं, यमन में एक टेलीकॉम फैसिलिटी को भी सऊदी अरब ने एयरस्ट्राइक करते हुए निशाना बनाया। हूती विद्रोहियों ने इन हमलों को 'सऊदी आक्रामकता' करार दिया है।