
सीरिया के हथियार डिपो में ब्लास्ट (फोटो- X@Presstvextra)
Syria Blast: मिडिल ईस्ट में जारी सैन्य तनाव के बीच उत्तर-पश्चिमी सीरिया के इदलिब प्रांत में हथियार और युद्ध से बचे हुए सामान को रखने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे एक अस्थायी डिपो में बुधवार को जबरदस्त धमाका हुआ। सीरियाई सरकारी टेलीविजन के अनुसार, इस दुखद घटना में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए। घायलों में सीरियाई रक्षा मंत्रालय के कई सुरक्षाकर्मी भी शामिल हैं।
यह धमाका उत्तरी इदलिब के ग्रामीण इलाके में सरमाडा शहर के पास बुर्ज अल-नुमरा गांव में हुआ। घटना के तुरंत बाद स्थानीय अधिकारी और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने इदलिब के आपातकालीन और आपदा प्रबंधन निदेशालय के ऑपरेशन कमांडर वलीद असलान के हवाले से कहा कि शुरुआती जांच और आकलन से पता चलता है कि यह जबरदस्त धमाका डिपो में रखे गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री के फटने से हुआ था। हालांकि, शुरुआती धमाके का सही कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है।
सीरियाई रक्षा मंत्रालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार इस अस्थायी डिपो का इस्तेमाल गृह युद्ध के दौरान बचे हथियारों और विस्फोटकों को रखने के लिए किया जा रहा था। इन हथियारों को सुरक्षित स्थान पर ले जाने की योजना थी, लेकिन ऐसा होने से पहले ही जबरदस्त धमाका हो गया। रॉयटर्स ने रक्षा मंत्रालय के हवाले से बताया कि घायलों में उनके कुछ कर्मचारी भी शामिल हैं और उनका इलाज स्थानीय अस्पतालों में चल रहा है। कमांडर असलान ने कहा कि टीमें इलाके की घेराबंदी कर रही हैं और संभावित खतरों से निपटने के लिए जरूरी सुरक्षा उपाय लागू कर रही हैं।
धमाके की खबर मिलने पर आग पर काबू पाने के लिए सिविल डिफेंस और फायर डिपार्टमेंट की टीमों को मौके पर भेजा गया। हालांकि, बचाव दलों को आग बुझाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा क्योंकि गोला-बारूद के ढेर में लगातार छोटे-छोटे धमाके हो रहे थे। दुर्घटना स्थल से कई घंटों तक आसमान में घना काला धुआं उठता रहा। अधिकारियों ने कहा कि इस बात का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है कि शुरुआती धमाका तकनीकी खराबी के कारण हुआ था या मानवीय गलती के कारण।
Updated on:
09 Sept 2026 07:25 pm
Published on:
09 Sept 2026 07:25 pm
