
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने 25% टैरिफ लगाने के दिए निर्देश (Photo-IANS)
US Iran Nuclear Talks: अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु समझौते को लेकर ओमान के मस्कत में बैठक हुई। दोनों देशों के बीच यह बैठक बेनतीजा रही। इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भड़क गए और उन्होंने ईरान पर नए प्रतिबंध लगा दिए। साथ ही ट्रंप ने यह भी बता दिया कि अगले हफ्ते एक बार फिर उनकी ईरानी नेताओं के साथ मुलाकात होगी।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान समझौता करना चाहता है। हम उन्हें थोड़ा समय दे रहे हैं। अगले हफ्ते फिर मुलाकात होगी, लेकिन किसी भी कीमत पर ईरान को परमाणु हथियार बनाने की इजाजत नहीं देंगे।
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान को निशाने पर लेते हुए उन देशों पर 25% टैरिफ लगाने की घोषणा की थी जो ईरान से सामान या सेवाएं आयात करते हैं। इस संबंध में उन्होंने एक कार्यकारी आदेश (Executive Order) पर भी हस्ताक्षर किए। ट्रंप के मुताबिक यह कदम अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा, विदेश नीति और आर्थिक हितों की रक्षा के लिए उठाया गया है।
ओमान में अमेरिका के साथ बातचीत बेनतीजा रहने के बाद ईरान की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई है। ईरान के विदेश मंत्री ने कहा, 'अमेरिका और इजरायल की ईरान से क्या मांग है?'
इजरायल, अमेरिका के जरिए ईरान पर दबाव बना रहा है कि वह अपना बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम बंद करे। इसके अलावा, अपने क्षेत्रीय सहयोगियों और समर्थित गुटों को समर्थन देना खत्म करे। हालांकि, ईरान पहले ही साफ कर चुका है कि वह केवल परमाणु मुद्दे पर ही बातचीत करेगा और किसी अन्य विषय पर कोई समझौता नहीं करेगा।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों देशों की बातचीत के दौरान ईरान ने अपने यूरेनियम संवर्धन कार्यक्रम का बचाव किया। ईरान का कहना है कि यह कार्यक्रम पूरी तरह नागरिक (सिविलियन) उद्देश्यों के लिए है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि अमेरिका के प्रतिनिधि ईरान के इस रुख को समझते हैं, जबकि अन्य मुद्दों पर बातचीत नहीं हुई।
Updated on:
07 Feb 2026 09:04 am
Published on:
07 Feb 2026 09:04 am
