
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची। (Photo - IANS)
US-Israel-Iran Conflict: ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजरायल की संयुक्त सैन्य कार्रवाई के बाद पश्चिम एशिया (मध्य-पूर्व) की स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई है। एक तरफ अमेरिका और इजरायल हमले रोकने के लिए तैयार नहीं हैं, वहीं ईरान किसी भी हाल में पीछे हटने को तैयार नहीं है। युद्ध की इस स्थिति के बीच ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने बड़ा बयान दिया है, जिससे संकेत मिलता है कि अमेरिका और इजरायल के साथ कूटनीतिक रास्ते अब बंद हो चुके हैं।
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि अमेरिका और इजरायल के साथ अब बातचीत की टेबल पर नहीं लौट सकते हैं, क्योंकि उन्होंने हमारे देश के खिलाफ सैन्य अभियान शुरू किया है। अराघची ने पिछले साल ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर बातचीत का जिक्र करते हुए कहा कि वार्ता के तुरंत बाद जून में अमेरिका ने ईरान की तीन परमाणु साइटों पर बमबारी की थी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इन हमलों का औचित्य बताते हुए कहा था कि ईरान ने अपने परमाणु महत्वाकांक्षाओं को त्यागने का हर अवसर अस्वीकार कर दिया।
अराघची ने ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोहताबा खामेनेई का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मोहताबा ने अभी तक अपने नए पद पर सार्वजनिक रूप से कोई बयान नहीं दिया है। हम सभी उनके भाषण और टिप्पणियों का इंतजार कर रहे हैं, जो बाद में आएंगे। लेकिन मुझे नहीं लगता कि अमेरिका के साथ बातचीत या फिर से वार्ता अब टेबल पर होगी, क्योंकि हमारे पास अमेरिकियों के साथ बातचीत का बहुत कड़वा अनुभव है।। बता दें कि मोहताबा खामेनेई ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई के बेटे हैं और उन्हें उनके उत्तराधिकारी के रूप में नामित किया गया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अयातुल्लाह अली खामेनेई के बेटे मोहताबा खामेनेई को ईरान के नए सर्वोच्च नेता के रूप में अस्वीकार कर दिया है। ट्रंप का कहना है कि उन्हें व्यक्तिगत रूप से ईरान के अगले सर्वोच्च नेता को मंजूरी देनी होगी। वह चाहते हैं कि ईरान में ऐसा नेता आए जो शांति और सद्भाव बनाए। उन्होंने कहा कि यह चुनाव बड़ी गलती है। ट्रंप ने यह भी कहा कि उनके मन में सर्वोच्च नेता के लिए कोई और विकल्प था, लेकिन उन्होंने कोई विवरण नहीं दिया।
Updated on:
10 Mar 2026 10:56 am
Published on:
10 Mar 2026 10:56 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
