
ईरान के साथ युद्ध को लेकर डोनाल्ड ट्रंप ने दी प्रतिक्रिया (Photo-ANI)
US-Iran War: अमेरिका, ईरान के साथ बातचीत के दौरान नए सिरे से हमले की तैयारी कर रहा है। अमेरिकी मीडिया चैनल CBS ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि हमलों पर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है। संभावित हमलों की खबर के बाद, US सेना और खुफिया समुदाय के कई सदस्यों ने मेमोरियल डे वीकेंड के लिए अपनी योजनाएं रद्द कर दी हैं।
अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मेमोरियल डे वीकेंड न्यू जर्सी में अपनी गोल्फ प्रॉपर्टी पर बिताने की योजना बनाई थी, लेकिन अब वह व्हाइट हाउस लौटेंगे। इधर, राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय हालात के कारण वह अपने बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर की शादी में शामिल नहीं हो पाएंगे। ट्रंप ने आगे कहा कि इस महत्वपूर्ण समय के दौरान मेरा वाशिंगटन, D.C. में व्हाइट हाउस में रहना जरूरी है।
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर लिखा कि हालांकि मैं अपने बेटे, डॉन जूनियर, और ट्रंप परिवार के सबसे नए सदस्य, उसकी होने वाली पत्नी बेटिना के साथ रहना चाहता था, लेकिन सरकार से संबंधित परिस्थितियां और संयुक्त राज्य अमेरिका के प्रति मेरा प्रेम मुझे ऐसा करने की अनुमति नहीं देते। मुझे लगता है कि इस महत्वपूर्ण समय के दौरान मेरे लिए वाशिंगटन, D.C. में व्हाइट हाउस में रहना जरूरी है। डॉन और बेटिना को बधाई! राष्ट्रपति डोनाल्ड जे. ट्रंप। ट्रंप ने गुरुवार को व्हाइट हाउस में पत्रकारों से कहा कि उनके बेटे की शादी का समय सही नहीं था क्योंकि ईरान नाम की एक चीज और अन्य बातें चल रही थीं।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका से डील करने के लिए ईरान बेताब है, लेकिन अमेरिका ईरान पर दबाव बनाए रखेगा क्योंकि ईरान परमाणु हथियार नहीं रख सकता। हमारे पास दुनिया की सबसे बड़ी और शक्तिशाली सेना है। देखते हैं आगे क्या होता है, लेकिन हमने उन पर घातक हमले किए हैं क्योंकि हमारे पास कोई विकल्प नहीं था।
Updated on:
23 May 2026 07:46 am
Published on:
23 May 2026 07:46 am
