
Women's Asia Cup 2026: पाकिस्तान को हराकर फाइनल में श्रीलंका की एंट्री, photo: chat gpt
Women's Asia Cup 2026: महिला एशिया कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में श्रीलंका ने पाकिस्तान को चार विकेट से हराकर फाइनल में जगह पक्की कर ली। दुबई में शुक्रवार को खेले गए इस मुकाबले में श्रीलंकाई टीम की शुरुआत भले ही खराब रही हो, लेकिन मध्य और अंतिम ओवरों में शानदार बल्लेबाजी दिखाते हुए टीम ने लक्ष्य हासिल कर लिया। अब फाइनल में श्रीलंका का सामना रविवार, 13 सितंबर को भारत से होगा।
टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम की शुरुआत कमजोर रही। सलामी बल्लेबाज मुनीबा अली महज 2 रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद गुल फिरोजा और शवाल जुल्फिकार ने दूसरे विकेट के लिए 24 रनों की साझेदारी की, लेकिन दोनों ही बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सकीं, फिरोजा 21 और जुल्फिकार 24 रन बनाकर पवेलियन लौटीं।
आयशा जफर और सदाफ शमास भी क्रमशः 7 और 8 रन बनाकर सस्ते में आउट हो गईं। ऐसे में कप्तान फातिमा सना ने पारी को संभाला और आखिरी ओवरों में तेज तर्रार अंदाज में 36 गेंदों पर 4 चौकों और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 47 रन जड़े। तुबा हसन ने भी 12 रन की नाबाद पारी खेलते हुए फातिमा का साथ दिया और छठे विकेट के लिए 24 गेंदों में 38 रन जोड़े। इसी की बदौलत पाकिस्तान 130 रन का स्कोर खड़ा कर सका।
131 रनों के लक्ष्य के सामने श्रीलंकाई टीम की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। कप्तान चमारी अटापट्टू सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि संजना कविंदी खाता भी नहीं खोल पाईं। हसीना परेरा भी 3 रन बनाकर चलती बनीं। इसके बाद इमेशा दुलानी ने 24 और हर्षिता समरविक्रमा ने 36 रनों की महत्वपूर्ण पारियां खेलकर टीम को संभाला। समरविक्रमा टीम की ओर से सबसे बड़ी पारी खेलने वाली बल्लेबाज रहीं। कविशा दिलहारी ने भी 33 रन जोड़े। अंतिम ओवरों में नीलाक्षी डी सिल्वा ने नाबाद 18 और कौशानी नुथ्यंगना ने नाबाद 10 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। 19वें ओवर में नीलाक्षी के चौके के साथ ही श्रीलंका ने फाइनल का टिकट पक्का किया।
पाकिस्तान के लिए कप्तान फातिमा सना ने गेंदबाजी में भी 4 विकेट चटकाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सकीं। श्रीलंका की ओर से चमारी अटापट्टू और चमुदी प्रबोधा ने 2-2 विकेट लिए। अब सबकी निगाहें रविवार के महामुकाबले पर टिकी हैं, जहां श्रीलंका खिताब के लिए भारत से भिड़ेगी।
Updated on:
12 Sept 2026 12:36 am
Published on:
11 Sept 2026 11:51 pm
