US Sanctions Relief: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा है कि अस्थायी रोक की राजनयिक घोषणा के बावजूद, पिछले एक हफ्ते में मॉस्को ने यूक्रेन के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को निशाना बनाते हुए दर्जनों हमले किए हैं। उन्होंने 'X' पर लिखा, "एक हफ्ते पहले अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा 'ऊर्जा युद्धविराम' (energy ceasefire) की घोषणा के बाद से, रूस ने जानबूझकर यूक्रेन के ऊर्जा, तेल और गैस क्षेत्रों पर 76 बार हमले किए हैं।" उन्होंने बताया कि हालिया बमबारी से विन्नित्सिया, जाइटॉमिर, खमेलनित्सकी और ओडेसा क्षेत्रों में बिजली से जुड़ी सुविधाओं को नुकसान पहुंचा है।
साथ ही, जेलेंस्की ने कहा कि प्रतिबंधों में ढील देने के वाशिंगटन के हालिया नीतिगत बदलाव से क्रेमलिन (रूस) को और अधिक आक्रामक होने का बढ़ावा मिलेगा। यूक्रेनी नेता ने चेतावनी दी कि अमेरिका की ओर से प्रतिबंधों में और भी ढील दी जा सकती है।